फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News : लखनऊ में 17 अगस्त तक रहेगी अमृत महोत्सव की धूम

Thu, 11 Aug 2022 12:50 PM IST
लखनऊ ब्यूरो माई सिटी रिपोर्टर, अमर उजाला, लखनऊ

सार

डीएम ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ में भागीदारी करने वाले लोगों से एक अपील है कि झंडा फहराते समय 45 डिग्री से ऊपर उठा रहे, इसका ध्यान रखें। 17 अगस्त के बाद इसे उतारते समय यह विशेष ध्यान रखा जाए कि जमीन पर झंडा न गिरे।
विज्ञापन
तिरंगा यात्रा निकलते राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मोहसिन रजा
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखनऊ 11 से 17 अगस्त तक तिरंगे के रंग में रंगी नजर आएगी। ‘हर घर तिरंगा’ के तहत अमृत महोत्सव में 12 लाख झंडे लगाए जाएंगे। अंबेडकर पार्क गोमतीनगर की चटोरी गली 17 अगस्त तक गुलजार रहेगी, तो 15 से 17 तक हजरतगंज में कार्निवाल की धूम रहेगी। इसके अलावा शहर के 75 बाजार और शॉपिंग मॉल में भी इस महोत्सव को खास बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

विज्ञापन

मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि पहली बार विधानभवन के बाहर स्वतंत्रता दिवस पर झंडारोहण होगा, जिसमें करीब 10 हजार लोग इसमें शामिल होंगे। 75 समूह अलग-अलग काम व वर्ग के अनुसार इसमें अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। बापू भवन से लेकर हजरतगंज चौराहे तक आयोजन स्थल फैला रहेगा। इस हिस्से में आठ स्क्रीन पर लाइव प्रसारण होगा। डीएम सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि इस मौके पर शौर्य चक्र विजेता, प्रदेश के पद्म अवॉर्ड विजेताओं, स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान भी किया जाएगा। काकोरी में मुख्यमंत्री आयोजन की शुरुआत कर चुके हैं। यहां भी लगातार देशभक्ति फिल्म एलईडी स्क्रीन पर चलते रहेंगे। प्रदर्शनी भी खुली रहेगी।


डीएम ने बताया कि 12 लाख झंडे पूरे शहर में लगाए जाने का लक्ष्य है। करीब आठ लाख झंडे वितरित किए जा चुके हैं। दुकानों पर भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। डीएम का कहना है कि ‘हर घर तिरंगा’ में भागीदारी करने वाले लोगों से एक अपील है कि झंडा फहराते समय 45 डिग्री से ऊपर उठा रहे, इसका ध्यान रखें। 17 अगस्त के बाद इसे उतारते समय यह विशेष ध्यान रखा जाए कि जमीन पर झंडा न गिरे। पूरे सम्मान से उतारने के बाद झंडे को सुरक्षित रखा जाए।

विज्ञापन

14 अगस्त को विभाजन की त्रासदी को किया जाएगा याद
डीएम ने बताया कि 14 अगस्त 1947 को विभाजन की त्रासदी देश ने झेली। इसकी विभीषिका को देखते हुए कोई भी ऐसा आयोजन 14 अगस्त को नहीं किया जाएगा जिसमें जश्न दिखे। ऐसे में 14 अगस्त को सभी आयोजन इस तरह से रखे गए हैं कि लोगों की सहभागिता ही इसमें दिखे। एक कैंडल मार्च का आयोजन भी प्रशासन की तरफ से रहेगा। इसमें मुख्यमंत्री सहित कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। एक प्रदर्शनी का आयोजन भी प्रस्तावित है। इसके लिए जगह को अंतिम रूप दिया जा रहा है। एलडीए की तरफ से रिफ्यूजी कॉलोनियों में विभाजन विभीषिका दिवस पर आयोजन भी किए जाएंगे। एलडीए ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।


13 अगस्त को मुख्य आयोजन का रिहर्सल
डीएम ने बताया कि 15 अगस्त को होने वाले मुख्य आयोजन का रिहर्सल 13 अगस्त को होगा। 75 में से अधिकांश समूहों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इस दौरान ट्रैफिक डायवर्जन, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, सम्मानित होने वाले विशिष्ट व्यक्तियों के बैठने की जगह को सुनिश्चित कराया जाएगा।


यहां करिए फोटो-वीडियो हैशटैग
जिला प्रशासन ने अमृत महोत्सव को सोशल मीडिया पर भी सफल बनाने के लिए तीन हैशटैग जारी किए हैं। इनमें #LucknowHarGharTiranga, #LucknowHarGharJhanda, #75AKAMLucknow शामिल हैं। लखनऊ स्मार्ट सिटी के फेसबुक पेज के साथ ही ट्विटर, इंस्टाग्राम एकाउंट, कू अकाउंट को टैग कर सकते हैं। लखनऊ डिवीजन के ट्विटर पेज पर भी फोटो व वीडियो टैग कर सकते हैं। इसके आधार पर ही शहर के तीन सबसे अच्छे बाजार, आरडब्ल्यूए और स्कूल का चयन का हजरतगंज कार्निवाल के आयोजन के अंतिम दिन सम्मानित किया जाएगा।
 

चटोरी गली में मुफ्त मिलेंगी दुकानें
एलडीए वीसी इंद्रमणि त्रिपाठी का कहना है कि रिवरफ्रंट पर चटोरी गली में फूड स्ट्रीट विकसित की जा रही है। यहां कैटरर्स एसोसिएशन को जिम्मेदारी दी गई है कि 12 से 17 अगस्त तक खाने-पीने की दुकानें लगवाएं। यहां स्वतंत्रता सेनानी, बुजुर्गों को विशेष छूट दुकानों पर मिलेगी। तिरंगा व रोशनी से यहां सजावट भी होगी।
 

ये भी होंगे आकर्षण
- नगर निगम 15 अगस्त को शाम 7 बजे झूलेलाल वाटिका पर 7500 दीपों से अमृत महोत्सव का लोगो बनाएगा। इसी दिन जनेश्वर मिश्र पार्क, 1090 चौराहा, अलीगंज स्टेडियम में एलडीए व नगर निगम आतिशबाजी भी कराएंगे।
- 12 अगस्त को सुबह 7 बजे नगर निगम तिरंगा रन का आयोजन कराएगा। इसी दिन 1090 चौराहा से जनेश्वर मिश्र पार्क तक पुलिस की हाफ मैराथन होगी तो पुलिस की 28 पीआरवी टीमें अलग-अलग जगहों पर 199 किमी की पैदल पेट्रोलिंग करेंगी। 14 अगस्त को एक्सप्रेसवे पर 112 टीमों का तिरंगा मार्च होगा। यही टीमें 17 मार्च को हजरतगंज से 1090 चौराहा के बीच तिरंगा मार्च करेंगी।
- 11 अगस्त को पुलिस कैपिटल तिराहा, शहीद स्मारक, सिकंदर बाग चौराहा पर दोपहर में तीन बजे से पांच बजे तक पुलिस, पीएसी बैंड की प्रस्तुति देगी।
- 15 अगस्त को जल पुलिस चार किमी लंबी गोमती नदी में तिरंगा यात्रा करेगी।
- एलडीए जनेश्वर मिश्र पार्क, लोहिया पार्क, 1090 चौराहा पर ओपन मंच बनाएगी। यहां शहर के लोग व स्कूल सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे सकेंगे। 15 अगस्त तक यह आयोजन रहेगा। 13 अगस्त को सुबह 8 बजे से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में रंगोली प्रतियोगिता होगी। इस दिन सुबह 7 बजे एक झंडा साइकिल यात्रा का आयोजन मरीन ड्राइव से प्राधिकरण भवन के बीच होगा। 14 अगस्त को भी खेल विभाग के संग एक साइकिल मैराथन एलडीए 1090 चौराहा से करेगा।
हजरतगंज में बंद रहेगी वाहनों की आवाजाही
कार्निवाल के दौरान तीन दिनों हजरतगंज में वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। लोग यहां पैदल घूमते हुए गंज कार्निवाल का आनंद ले सकेंगे। यहां नाटक आदि की प्रस्तुतियां कराई जानी हैं।

विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें