विशेषज्ञों ने युवा उद्यमियों को बताए व्यवसाय खड़ा करने और आगे बढ़ाने के गुर
( फोटो)
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। कारोबार में सफलता के लिए अच्छा विचार होने के साथ उसकी सही योजना, ब्रांडिंग और कानूनी सुरक्षा भी जरूरी है। युवा उद्यमियों को शुरुआत से ही इन पहलुओं पर ध्यान देना चाहिए। मंगलवार को भारतीय उद्योग संघ की युवा उद्यमी प्रकोष्ठ और आयुष समिति की ओर से गोमती नगर स्थित संघ भवन में आयोजित विशेषज्ञ वार्ता में यह बातें सामने आईं।
'शुरुआत से टिकाऊ कारोबार कैसे खड़ा करें' विषय पर आयोजित कार्यक्रम में सीएमएस इंडसलॉ की साझेदार ऋचा पांडेय ने बौद्धिक संपदा अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि व्यापार चिह्न, पेटेंट, उत्पाद की बनावट और कॉपीराइट के जरिये अपने ब्रांड, उत्पाद और नई खोज को कानूनी सुरक्षा दी जा सकती है। युवा उद्यमी अक्सर ब्रांड बनाने पर मेहनत करते हैं, लेकिन उसका समय पर पंजीकरण नहीं कराते। इससे भविष्य में विवाद और आर्थिक नुकसान हो सकता है।
भारतीय उद्योग संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष गोयल और जेम पैकेजिंग सॉल्यूशंस के आशीष कुमार ने कारोबार शुरू करने की चुनौतियों और उनके समाधान बताए। उन्होंने पूंजी जुटाने, विपणन, टीम बनाने और प्रतिस्पर्धा के बीच कारोबार को टिकाऊ बनाने के व्यावहारिक तरीके साझा किए।
भारतीय उद्योग संघ की आयुष समिति के चेयरमैन रितेश श्रीवास्तव ने कहा कि आयुष, आयुर्वेद, हर्बल और स्वास्थ्य संवर्धन के क्षेत्र में कारोबार की बड़ी संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में मजबूत ब्रांड बनाने के लिए शुरुआत से ही सही पहचान और बौद्धिक संपदा की सुरक्षा जरूरी है।
कार्यक्रम का संचालन अदनान दानिश सिद्दीकी और अभिषेक मिश्रा ने किया। इस अवसर पर संघ के लखनऊ चैप्टर के सचिव राजीव जैन, साद शम्सी, हर्ष मेहरोत्रा और ऋषि त्रिपाठी सहित कई उद्यमी मौजूद रहे। अंत में मेहुल महाजन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।