- सआदतगंज के बावली की घटना, केस दर्ज
- पुलिस फुटेज खंगालने में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। सआदतगंज में रविवार को बावली स्थित सराफ रिषभ निगम की बृज कुंज ज्वेलर्स दुकान में ग्राहक बन पहुंचे टप्पेबाज ने सोने के बाले पार कर दिए। पीड़ित ने सआदतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
सराफ के मुताबिक रविवार शाम को वह दुकान पर मौजूद थे। शाम करीब 4:45 बजे एक युवक दुकान में पहुंचा और उनसे कान के बाले दिखाने के बात कही। ऐसे में सराफ ने ट्रे पर कई तरह के बाले दिखाए। मगर आरोपी ने उन्हें नई डिजाइन दिखाने की बात कहते हुए रिषभ को बातों में उलझा लिया। रिषभ जब पीछे मुड़े तभी टप्पेबाज ने एक जोड़ी बाले उठा लिए और बिना बताए दुकान से चल दिया। कुछ संदेह होने पर जब सराफ ने ट्रे में एक जोड़ी बाले गायब मिले। काफी तलाशने पर भी जब बाले नहीं मिले तो पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ सआदतगंज पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य के मुताबिक दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं।