- आशियाना सेक्टर एच एलडीए कॉलोनी की घटना
- पुलिस केस दर्ज कर फुटेज खंगालने में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। आशियाना में सोमवार को आलमबाग के कृष्णा पल्ली निवासी अभिषेक तिवारी की बाइक सवार बदमाश ने चेन लूट ली। मामले में बुधवार को आशियाना पुलिस ने आरोपी बदमाश के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
अभिषेक के मुताबिक सोमवार रात करीब 8:30 बजे वह पत्नी के साथ बाइक से बेटी की दवा लेने आशियाना सेक्टर एच एलडीए कॉलोनी स्थित दिव्यांश मेडिकल स्टोर पहुंचे थे। वह बेटी को गोद में लेकर बाइक के पास खड़े थे। जबकि पत्नी मेडिकल स्टोर से दवा ले रही थीं। तभी करीब सात मिनट बाद बाइक सवार एक बदमाश पीछे से आया और झपट्टा मारकर अभिषेक की चेन लूट कर भाग निकला। गनीमत रही कि वह बेटी को सही से पकड़े थे इसलिए वह गिरते-गिरते बच गई। पीड़ित ने बेटी को पत्नी की गोद में दिया और बाइक से बदमाश का पीछा करने लगे। हालांकि, वह उसे पकड़ नहीं सके। अभिषेक ने उसी रात दस बजे तक घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी मगर किसी में भी बदमाश स्पष्ट नहीं दिखा। पीड़ित ने अगले दिन पुलिस से शिकायत की। जांच में मामला सही पाए जाने पर पुलिस ने बुधवार को केस दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह के मुताबिक बदमाश की तलाश की जा रही है।