- चौक सर्राफा मार्केट की घटना, महिला कर्मी समेत चार पर केस
- कमिश्नर के आदेश पर चौक पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। मुंबई के जवाहर नगर खार निवासी सराफ कारोबारी शिवाजी कुंडलीक मोहितो ने वेस्ट दिल्ली के उत्तम नगर निवासी महिला कर्मचारी सुमन त्रियान पर उनका डेढ़ करोड़ का सोना हड़पने का आरोप लगाया है। आरोपी कर्मी की मां लक्ष्मी व दो अन्य पर सराफ को धमकाने का भी आरोप है । मंगलवार को कमिश्नर के आदेश पर चौक पुलिस ने धोखाधड़ी की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
शिवाजी के मुताबिक उनकी मुंबई स्थित आभूषण की दुकान में एक साल से सुमन काम कर रही थी। 15 जनवरी 2024 को वह सुमन के लखनऊ के चौक सर्राफा मार्केट स्थित अपने साले की दुकान शिवाजी बुलियन पहुंचे थे। दुकान में कुछ देर रहने के बाद सुमन ने शिवाजी से कुछ जरूरी काम से अपने मायके काकोरी के सलेमपुर पतौरा जाने की बात कही। सराफ के हामी भरने पर आरोपी डेढ़ करोड़ के सोने से भी भरा उनका बैग ले कर दुकान से निकल गई। कुछ देर बाद बैग गायब होने की जानकारी पर पीड़ित ने आरोपी से कॉल पर बात की। इस पर सुमन ने गलती से बैग अपने साथ ले जाने और कुछ देर में लौटाने की बात कही। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। अगले दिन शिवाजी साले के साथ दिल्ली पहुंचे तो सुमन घर में नहीं मिली। पीड़ित जब आरोपी के मायके पहुंचे तो वहां उसकी मां लक्ष्मी देवी, बहन प्रेमा सिमरन और भाई धर्मेंद्र ने जल्द ही सोना लौटाने की बात कही मगर हर बार सिर्फ टालमटोल करते रहे।
फर्जी मुकदमे में फंसाने की दी धमकी
डेढ़ साल बीतने पर जब पीड़ित ने दबाव बनाया तो आरोपी के घरवालों ने सोना देने से मना करते हुए उन्हें फर्जी मुकदमे फंसाने और हत्या करने की धमकी देनी शुरू कर दी। शिवाजी ने पुलिस आयुक्त से आरोपियों की शिकायत की। जांच में मामला सही पाए जाने पर चौक पुलिस ने केस दर्ज किया। इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय के मुताबिक मामले की विवेचना दरोगा पंकज कुमार कर रहे हैं। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।