वकीलों के अवैध चैंबरों पर आज नहीं चलेगा बुलडोजर
आपत्तियों के निस्तारण के बाद चलेगा
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। कैसरबाग इलाके में कचहरी के आसपास वकीलों के 200 से अधिक अवैध चैंबरों के ध्वस्तीकरण रविवार को होने वाली कार्रवाई फिलहाल टल गई है। शनिवार को कुछ वकीलों की ओर से अपत्ति देने के बाद अभियान टाला गया है। अब तीन से चार दिन में आपत्तियों के निस्तारण के बाद अभियान चलेगा।
उच्च न्यायालय के आदेश के बाद नगर निगम ने 22 सितंबर को नोटिस जारी की थी । जिसमें वकीलों को तीन अक्तूबर तक का मौका कब्जा हटाने और पक्ष रखने के लिए गया था। उसके बाद चार अक्तूबर को अभियान चलना था लेकिन उससे पहले ही कुछ वकीलों को ओर से आपत्तियां दाखिल कर कार्रवाई रोकने की मांग की गई। आपत्तियां में वकीलों की ओर से कहा गया है कि उनका निर्माण सही है इसलिए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अवैध होगी। इसके बाद नगर निगम की ओर से कानूनी सलाह ली गई जिसमें यह तय किया गया कि न्यायालय के आदेश के तहत यदि कोई आपति आए तो पहले उसका निस्तारण कर दिया जाए उसके बाद अभियान चलाया जाए। ऐसे में नगर निगम की ओर से अभियान को फिलहाल टाल दिया गया है और पहले आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा । नगर निगम के जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह ने बताया की आपत्तियों का निस्तारण तीन से चार दिन में कर दिया जाएगा और उसके बाद अवैध चैंबरों को ध्वस्त करने की कार्रवाई पुलिस की मौजूदगी में की जाएगी। फिलहाल प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि जो आपत्तियां आई है उनमें कोई दम नहीं है। आपत्ति में जो आधार बनाया गया है वह अवैध निर्माणों पर लागू नहीं होता है।