आज छह घंटे ठप रहेगा ऐशबाग जलकल, पांच लाख आबादी को होगी पेयजल किल्लत
ऐशबाग उपकेंद्र से बंद रहेगी बिजली
सुबह की आपूर्ति में स्टोर कर ले जरूरत का पानी
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। बिजली आपूर्ति बाधित होने से शनिवार को छह घंटे तक ऐशबाग जलकल ठप रहेगा। इससे जलकल से जुड़े इलाकों की करीब पांच लाख आबादी को पेयजल की किल्लत होगी। ऐसे में जलकल विभाग ने लोगों से अपील की है वह सुबह की आपूर्ति के समय जरूरत का पानी स्टोर कर ले, ताकि परेशानी का सामना न करना पड़े।
जलकल महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि सुबह की आपूर्ति होगी। ऐशबाग विद्युत उपकेंद्र से सुबह दस से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसकी जानकारी उपकेंद्र की ओर से दी गई है। बिजली विभाग का कहना है कि उनको मरम्मत का काम उपकेंद्र में करना है। ऐसे में लोगों से अपील है कि जब सुबह की आपूर्ति होगी तो जरूरत पानी स्टोर कर लें ताकि शाम को पेयजल किल्लत का सामना न करना पड़े। जो इलाके ऐशबाग जलकल से जुड़े हैं उनमें लालबाग, कैसरबाग, मौलवीगंज, माल एवेन्यू, हजरतगंज आशिंक, लाटूश रोड, नाका हिंडोला, चारबाग, यहियागंज, ऐशबाग, भदेवा, मोतीनगर, आर्यनगर, गढ़ी कनौरा, करेहटा, अंबेडकर नगर, छितवापुर, मनकामेश्वर, बाबूगंज (आशिंक), निशातगंज, न्यू हैदराबाद राजाजीपुरम, गऊघाट आदि हैं।