दो - दो महीने में उफना रहा सीवर, नहीं हो रही सुनवाई
विधायक ने जताई नाराजगी, दस दिन का दिया समय
जलकल ने भेजा निजी कंपनी को नोटिस
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। जानकीपुरम, अलीगंज और फैजुल्लागंज में सीवर की समस्याओं का निस्तारण दो दो महीने में भी नहीं किए जाने पर जलकल विभाग ने निजी कंपनी सुएज इंडिया को नोटिस जारी किया है। जलकल विभाग की ओर से यह कार्रवाई विधायक नीरज बोरा की कड़ी नाराजगी के बाद की गई है।
सोमवार को उत्तरी विधानसभा के विधायक नीरज बोरा ने जलकल विभाग जोन-तीन के अभियंताओं के साथ बैठक की थी। बैठक में विधायक ने कहा कि उनके क्षेत्र में दो-दो महीने से सीवर की समस्याएं लंबित हैं, पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र भ्रमण के दौरान जनता सबसे ज्यादा सीवर की शिकायतें ही कर रही है। विधायक ने सभी सीवर समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए 10 दिन का समय दिया है। कहा कि तय समय में निस्तारण न हुआ तो कठोर कदम उठाए जाएंगे। इसके बाद महाप्रबंधक जलकल कुलदीप सिंह ने जोन-तीन के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए हैं कि फैजुल्लागंज, अलीगंज और जानकीपुरम की सीवर समस्याएं 10 दिन में दूर करें। लापरवाही पर जिम्मेदारी तय होगी। साथ ही सीवर व्यवस्था देख रही निजी कंपनी सुएज इंडिया को भी नोटिस भेजा गया है। चेतावनी दी गई है कि 10 दिन में शिकायतों का निस्तारण न हुआ तो कड़ी कार्रवाई होगी। नगर आयुक्त को भी मामले की जानकारी भेजी गई है।