डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन फेल, इंदिरा नगर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर
सतुआ तालाब के पास कूड़े में लगी आग, निरीक्षक ने बुझवाई, बारिश से पहले जलभराव की आशंका
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। इंदिरा नगर के कई इलाकों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। एक हफ्ते से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की गाड़ी न आने से लोग खाली प्लॉट और नालों में कूड़ा फेंकने को मजबूर हैं। हालात यह हैं कि कई इलाकों में नए खुले कूड़ा घर बन गए हैं।
सफाई एवं खाद्य निरीक्षक ने 24 जून को इस्माईलगंज गांव, मंगलपुरी, अशोक बिहार, सतुआ तालाब, ओवर लैंड कालोनी और सुरेंद्र नगर इलाके का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि एक-एक हफ्ते तक कूड़े की गाड़ी नहीं आती। क्षेत्रीय पार्षद ने भी निजी कंपनी रामकी (लखनऊ स्वच्छता अभियान) की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। निरीक्षण में लोगों ने यह भी बताया कि मजबूरी में लोगों ने खाली प्लॉट में कूड़ा फेंक दिया था। किसी अज्ञात ने उसमें आग लगा दी। निरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया
===
बारिश से पहले बढ़ी चिंता
रिपोर्ट में कहा गया है कि बारिश से पहले नाला सफाई का काम चल रहा है लेकिन कूड़ा कलेक्शन न होने से लोग नालियों में कूड़ा डाल रहे हैं। इससे जलभराव का खतरा बढ़ गया है। खाली प्लॉट में कूड़े के ढेर में आग लगने से कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। सफाई निरीक्षक ने जोनल सेनेटरी अधिकारी को रिपोर्ट भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। रिपोर्ट की प्रति नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त और नगर स्वास्थ्य अधिकारी को भी भेजी गई है।