हादसे के छह घंटे बाद एलडीए ने दो इंजीनियरों को किया निलंबित, जांच समिति बनाई
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ । अलीगंज में अग्निकांड में 15 लोगों की जान जाने के करीब छह घंटे बाद एलडीए ने दो इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है और उनकी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। हालांकि अभी कई और बड़ों पर गाज गिरनी है लेकिन उन पर अभी नरमी बरती जा रही है। इनके खिलाफ कार्रवाई के गठित की गई पांच सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट के बाद की जाएगी । समिति तीन दिन में अपनी रिपोर्ट देगी।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया अलीगंज में अवैध रूप से बनी बिल्डिंग के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही बरतने के मामले में अभी सहायक अभियंता अनिल कुमार और अवर अभियंता प्रमोद कुमार पांडेय को निलंबित कर शासन को रिपोर्ट भेज दी गई है। इनके अलावा अन्य पर भी कार्रवाई की जाएगी । इन दो पर अभी कार्रवाई इसलिए की गई है क्योंकि यह अलीगंज इलाके में 2016 से सबसे अधिक समय तक तैनात रहे हैं। इसलिए शुरुआती जांच के बाद इनको निलंबित किया गया है । बाकी जो और दोषी है उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की जांच के लिए एक पांच सदस्य समिति भी गठित कर दी गई है । यह तीन दिन में अपनी रिपोर्ट देगी। समिति अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा की अध्यक्षता में गठित की गई है। इसमें मुख्य नगर नियोजन के के गौतम, मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत यांत्रिक मनोज सागर और अलीगंज के संपत्ति अधिकारी व विशेष कार्य अधिकारी रवि नंदन सिंह को सदस्य बनाया गया है।
==.
एलडीए से जुड़े सूत्रों ने बताया की प्रमोद पांडे लंबे समय तक अलीगंज इलाके में तैनात रहे है और इस समय वह एलडीए के जून पांच में तैनात है।