एयरपोर्ट पर नशे की हालत मिले दो यात्री, हड़कंप
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब ओला पिकअप प्वाइंट पर दो यात्री नशे की हालत में पड़े मिले। सुबह करीब 6:30 बजे एयरपोर्ट बिल्डिंग के बाहर कानपुर रोड तरफ जाने वाले रास्ते की ओर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने दोनों को संदिग्ध स्थिति में देखा और जांच शुरू की। पूछताछ में पता चला कि दोनों यात्री मोचु वांथ और अनुही कंठ सोमवार रात 11:30 बजे लखनऊ से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-2173 से जाने वाले थे, लेकिन रात में सो जाने के कारण उनकी फ्लाइट छूट गई। इसके बाद वे आगमन क्षेत्र के ओला पिकअप प्वाइंट पर नशे की हालत में बैठे और लेटे पाए गए, जबकि उनका सामान आसपास बिखरा हुआ था।
जांच के दौरान एक यात्री का मोबाइल फोन डिस्चार्ज मिला, जिसे चार्ज कर आवश्यक जानकारी जुटाई गई। यात्रियों की सहमति से उनके सामान की तलाशी ली गई, जिसमें कुछ नशीली गोलियां बरामद हुईं। साथ ही यह भी स्पष्ट हुआ कि दोनों ने काफी मात्रा में शराब का सेवन किया था। सुरक्षा की दृष्टि से दोनों को कुछ समय के लिए एमएसएफ कार्यालय में रखा गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें चारबाग रेलवे स्टेशन भेज दिया गया।