रेलवे भी अब ट्रेनों के संचालन और मेंटीनेंस में करेगा एआई का उपयोग
आईआरआईटीएम ने किया विशेष कार्यशाला का आयोजन
एआई के उपयोग पर किय गया मंथन
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। रेलवे भी अब ट्रेनों के संचालन और मेंटीनेंस में एआई का उपयोग करेगा। यह किस तरह होगा और कितना प्रभावी होगा इसको लेकर मंगलवार को भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम) की ओर से एक कार्यशाला का आयेाजन किया गया। इसमें क्षमता निर्माण आयोग (सीबीसी) भारत सरकार की प्रधान सलाहकार चंद्रलेखा मुखर्जी प्रमुख रूप से शामिल हुईं।
इस मौके पर आईआरआईटीएम के महानिदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर ने सरकारी संस्थानों में प्रशिक्षण की प्रभावशीलता, पहुंच एवं गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए प्रौद्योगिकी, कर्मयोगी जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म तथा उभरते एआई-सक्षम उपकरणों के उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों को अपनाने तथा राष्ट्रीय क्षमता निर्माण मिशन में आईआरआईटीएम की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।
प्रधान सलाहकार सीबीसी, चंद्रलेखा मुखर्जी ने प्रशिक्षण प्रणाली में प्रौद्योगिकी एवं एआई के एकीकरण के महत्व पर बल दिया, जिससे भविष्य के लिए सक्षम एवं दक्ष सिविल सेवकों का निर्माण किया जा सके। उन्होंने प्रशिक्षण संस्थानों की क्षमता को सुदृढ़ करने तथा सार्वजनिक सेवा प्रशिक्षण में नवाचार, सहयोग एवं उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में क्षमता निर्माण आयोग की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। कार्यशाला में एआई-सक्षम उपकरणों के उपयोग जैसे विषयों पर विषयगत सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों के माध्यम से डिजिटल तत्परता, हाइब्रिड प्रशिक्षण मॉडल, संकाय क्षमता विकास तथा क्षमता निर्माण में एआई के उत्तरदायी उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। आईआरआईटीएम के अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी ने कहा कि यह कार्यशाला ज्ञान आदान-प्रदान, सहयोग को बढ़ावा देने तथा भारत सरकार के मिशन कर्मयोगी के अनुरूप प्रशिक्षण को सुदृढ़ करने हेतु एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुई।