बालागंज में नई सड़क बनी इलाके लोगों के लिए परेशानी
निर्माण के दौरान ढंक दिए गए सीवर लाइन के चैंबर
सफाई न होने से घरों में उफना रहा
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। बालागंज वार्ड में करीब बीस दिन पहले लापरवाही से बनाई गई सड़क लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सड़क बनाते समय सीवर चैंबर ढंक दिए गए हैं। ऐसे में सीवर लाइन चोक होने के बाद सफाई का काम नहीं हो पा रहा है और सीवर लोगों के घरों में उफना रहा है।
पूर्व पार्षद पंकज पटेल ने बताया कि वार्ड में गोशाला रोड का निर्माण करीब 20 दिन पहले ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर किया गया है। सड़क बनाते समय सीवर के सारे मैन होल के चैंबर बंद कर दिए गए हैं। जिससे सीवर सफाई का काम नहीं हो पा रहा है और एक सप्ताह से चोक सीवर के कारण इलाके के लोग परेशान हैं। इसको लेकर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग से कई बार कहा गया है मगर उन लोगों ने लापरवाही की और सीवर चैंबर ढंक दिए। चैंबर न ढंके जाएं इसको लेकर पहले ही इंजीनियरों से कहा गया था इसका ध्यान रखा जाए मगर ध्यान नहीं दिया गया। अब बिना चैंबर खोलने के लिए फिर नई सड़क खराब होगी। विभाग से मांग है कि वह चैंबर को खोले और उनका लेबल सड़क के बराबर करे ताकि समस्या दूर हो सके।