वाराणसी से लखनऊ और पटना से दिल्ली जाने वालों को होगी राहत
दो ट्रेनों का संचालन एक महीने बढ़ा
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। वाराणसी से लखनऊ और पटना से दिल्ली आने जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे ने इस रूट की दो गाड़ियों का संचालन 30 नवंबर तक बढ़ा दिया है। इसको लेकर रेलवे की ओर से सूचना भी जारी कर दी गई है। यह विशेष गाड़ियां रोज चलेंगी।
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय की ओर से शनिवार को जारी सूचना के तहत गाड़ी संख्या 04217 वाराणसी जंक्शन से लखनऊ और गाड़ी संख्या 04218 लखनऊ से वाराणसी जंक्शन का संचालन अब 30 नवंबर तक होगा। पहले इनका संचालन 31 अक्तूबर तक ही होना था। इसी तरह गाड़ी संख्या 04090 आनंद विहार टर्मिनल से पटना का संचालन 29 नवंबर और गाड़ी संख्या 04089 पटना से आनंद विहार टर्मिनल का संचालन 30 नवंबर तक बढ़ा दिया गया है। पहले इनका संचालन आठ नवंबर तक ही था।