भवन मालिकों ने डिप्टी सीएम कार्यालय पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
- छह माह से नहीं हुआ था किराया व बिजली का भुगतान, सीएमओ हुए तलब
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। राजधानी में खुले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का छह माह का बिजली व भवन किराया बकाया है। इसे लेकर भवन मालिकों ने सोमवार को डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के ऑफिस पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। डिप्टी सीएम ने सीएमओ को ऑफिस में तलब करके पूरी जानकारी ली। सीएमओ ने नगर निगम के जरिये भुगतान किए जाने की बात कही। डिप्टी सीएम ने नगर आयुक्त को फोन करके सभी का भुगतान जल्द कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
शहर में मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर 108 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का संचालन हो रहा है। छह माह से भवन व बिजली का किराया बकाया पड़ा है। भवन मालिक सीएमओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं उन्हें टरकाया जा रहा है। शासन ने नई व्यवस्था के तहत इन केंद्रों को भुगतान का अधिकार स्वास्थ्य विभाग से हटाकर नगर निगम को कर दिया है। बजट भी नगर निगम को जारी हो गया है। इसके बाद भी नगर निगम के जरिये भुगतान नहीं किया जा रहा है। सोमवार को कई भवन मालिक डिप्टी सीएम ऑफिस पहुंच गए। भवन मालिकों ने छह माह से भुगतान न होने की बात कही। डिप्टी सीएम ने सीएमओ को ऑफिस बुलाया। सीएमओ ने भुगतान नगर निगम के जरिये किए जाने की बात कही। डिप्टी सीएम ने नगर आयुक्त को फोन करके सभी का भुगतान जल्द कराए जाने की बात कही है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है एनएचएम से बजट नगर निगम को जारी किया गया है। नगर निगम से ही इन केंद्रों का भुगतान होगा।