बीमारियों से बचाव के लिए आयुर्वेद ही एकमात्र विकल्प
- राजकीय आयुर्वेद कॉलेज में नए छात्रों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम हुआ
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। साठ फीसदी लोगों की बीमारियां गलत जीवनशैली, अनियमित दिनचर्या से हो
रही हैं। इससे बचाव के लिए आयुर्वेद ही एकमात्र विकल्प है।आयुर्वेद दवाओं
से कैंसर मरीजों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के बहुत अवसर है। यह बातें
कैंसर संस्थान के निदेशक डॉ. एमएलबी भट्ट ने कही। वह शुक्रवार को
आयुर्वेदिक कॉलेज में नए छात्रों के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में मुख्य वक्ता थे।
टूड़ियागंज स्थित राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल में पीजी में
प्रवेशित 2025 बैच के छात्रों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का
उद्घाटन मुख्य अतिथि आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार, मुख्य वक्ता
कैंसर संस्थान के निदेशक डॉ. एमएलबी भट्ट रहे। अतिथियों ने भगवान धन्वंतरि
के चित्र पर दीप प्रज्जवलन व माल्यार्पण किया। प्रमुख सचिव रंजन कुमार ने
कहा कि आयुर्वेद कालेज में पीजी छात्रों को उच्च स्तर का शोध करना चाहिए,
जिससे लोगों को इसका लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने नव प्रवेशित
विद्यार्थियों को चिकित्सा व्यवसाय की सुचिता के लिए शपथ भी दिलवाई। आगे
कहा कि विकसित भारत और विकसित उप्र. के लिए आयुर्वेद की उत्कृष्ट संस्थान
के रूप में टूड़ियागंज कॉलेज का नाम स्थापित करने के लिए सभी शिक्षकों,
डॉक्टरों व छात्रों को युद्ध स्तर पर प्रयास करना चाहिए। इस मौके पर पीजी
में प्रवेश पाए 49 विद्यार्थियों ने अपना परिचय देते हुए भविष्य में अपना
कैरियर क्षेत्र भी बताया। इस मौके पर अस्पताल प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र, डॉ.
रेखा बाजपेयी, डॉ. शरद जौहरी, डॉ. पीसी चौधरी मौजूद रहे।