छह माह तक बच्चे को केवल स्तनपान कराए
वीरांगना अवंतीबाई चिकित्सालय में स्तनपान कक्ष का उद्घाटन हुआ
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ।
मंडलायुक्त रोशन जैकब के मार्गदर्शन में वीरांगना अवंतीबाई जिला महिला चिकित्सालय के बाल रोग विभाग में स्तनपान कक्ष (नर्सिंग यूनिट) का उद्घाटन बृहस्पतिवार को हुआ। यह स्तनपान कक्ष लखनऊ लेडीज़ सर्कल 84 एवं लखनऊ राउंड टेबल 136 की पहल पर लेडीज सर्कल इंडिया के “प्रोजेक्ट आयुष्मा” के तहत स्थापित किया गया है।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. ज्योति मेहरोत्रा ने कहा कि यह स्तनपान कक्ष बहुत उपयोगी है। यहां पर जो भी महिलाएं आती हैं या वार्ड में रहती हैं । उन्हें बच्चों को स्तनपान कराने में अब किसी तरह की झिझक नहीं होगी। स्तनपान हर बच्चे का अधिकार है। छह माह तक बच्चे को केवल स्तनपान कराना चाहिए। वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.सलमान ने कहा कि जन्म के एक घंटे के अंदर यानी गोल्डन आवर में नवजात को स्तनपान शुरू कर देना चाहिए। मां का पहला दूध(कोलस्ट्रम) बच्चे को जरूर दें | यह बच्चे का पहला टीका होता है । यदि किसी कारण वश बच्चा स्तनपान नहीं कर पा रहा तो दूध निकालकर साफ़ कटोरी चम्मच से पिलाये। छह माह तक बच्चे को ऊपर का कुछ भी न दें। छह माह के बाद बच्चे को मां के दूध के साथ अर्द्धठोस आहार देना शुरू करें।
इस अवसर पर लखनऊ लेडीज़ सर्कल 84 की चेयरलेडी आरुषि पांडेय ने कहा, “यह कक्ष विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाएगी।
लखनऊ राउंड टेबल 136 के चेयरमैन सिद्धार्थ सक्सेना ने कहा, महिलाओं के सशक्तिकरण और बच्चों की शिक्षा के माध्यम से स्वतंत्रता दिलाना हमारा मुख्य ध्येय है। यह परियोजना उसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।