आयुष डॉक्टरों की भर्ती के लिए चार सदस्यीय कमेटी बनी
- नौ माह से फंसा था आयुष डॉक्टरों की भर्ती का मसला, एक पद के सापेक्ष 105 डॉक्टरों ने कर रखा है आवेदन
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। सरकारी अस्पतालों में आयुष डाॅक्टरों की भर्ती का रास्ता अब साफ हो गया है। नौ माह बीतने बाद भी लापरवाह अफसर आयुर्वेद डॉक्टरों के इंटरव्यू की तारीख तय नहीं कर पाए थे। डीएम ने चयन प्रक्रिया के लिए चार सदस्यीय कमेटी बनाई है। जिनके जरिये अब डॉक्टरों का चयन होगा। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों का कहना है जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में इंटव्यू की डेट फाइनल की जाएगी।
सरकारी अस्पतालों में आयुष यूनिट का संचालन हो रहा है। इन यूनिटों में आयुष के डॉक्टर नहीं है। एनएचएम ने बीते साल दिसंबर में जिले में 21 आयुर्वेद डॉक्टरों की भर्ती का फैसला लिया था। पहली दफा इंटरव्यू में शामिल होने से पहले डॉक्टरों को फार्म भरकर सीएमओ आफिस में जमा कराया गया था। 21 पद के सापेक्ष में करीब 2200 डॉक्टराें ने फार्म भरकर जमा किया था। एक अनुमान के मुताबिक, एक पद के सापेक्ष 105 डॉक्टरों ने आवेदन किया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग नौ माह बीतने बाद भी इंटरव्यू की तारीख तय नहीं कर पाया था। अहम बात यह है आस पास के जिलों में आयुर्वेद डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया जिले के सीएमओ ने पूरी का ली है। लखनऊ में चयन प्रक्रिया अटकी पड़ी थी। डॉक्टरों की चयन प्रक्रिया के लिए डीएम विशाख जी ने चार सदस्यीय कमेटी बनाई है। इसमें सीडीओ, सीएमओ, जिला विद्यालय निरीक्षक व मुख्य कोषाधिकारी को शामिल किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों का कहना जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में इंटरव्यू की डेट फाइनल हो जाएगी। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है आयुर्वेद डॉक्टरों के साक्षात्कार की डेट इसी माह तय हो जाएगी। सितंबर माह तक इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी करा ली जाएगी