लखनऊ। एलडीए की 10 साल के आसान किस्तों पर फ्लैट खरीदने की योजना में खरीदारों को समय से पहले भी किस्त चुकता करने की सुविधा मिलेगी। जो लोग ज्यादा ब्याज नहीं चुकाना चाहते, वे इस विकल्प का इस्तेमाल कर सकते हैं।
एलडीए अपने खाली पड़े 1700 फ्लैटों को किस्त पर बेचने की योजना लाया है। इसमें फ्लैट की 65 से 75 फीसदी कीमत की किस्तें 10 साल में भरने की मोहलत दी जाएगी। खरीदार 10 साल की अवधि से पहले कभी भी पूरी किस्त जमा कर सकेंगे। एलडीए के अफसरों के मुताबिक खरीदार खुद ऑनलाइन यह विकल्प भर सकेगा कि वह कितने कम समय में किस्त चुकाना चाहता है। इसके लिए एलडीए अपने सॉफ्टवेयर को अपडेट कर रहा है। अभी उसकी वेबसाइट पर ''''पहले आओ, पहले पाओ'''' के तहत तीन माह में भुगतान का ही विकल्प उपलब्ध है। सॉफ्टवेयर अपडेट होने के बाद वेबसाइट में किस्त, एकमुश्त भुगतान का विकल्प भी होगा। सॉफ्टवेयर शुक्रवार तक अपडेट हो जाएगा, जिसका ट्रायल सोमवार को होगा। ट्रायल सफल होने पर स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त से फ्लैट को किस्त पर बेचने का काम शुरू हो जाएगा।
ऐसे कर सकते हैं आवेदन
आवेदन के लिए आपको एलडीए की वेबसाइट ldaonline.co.in पर जाना होगा। वेबसाइट की विंडो खुलने पर ''''पहले आओ, पहले पाओ'''' विकल्प चुनना होगा। इसके बाद किस्त पर फ्लैट का विवरण अपलोड कर पंजीकरण कराना पड़ेगा। पंजीकरण से पहले खरीदार को बताना होगा कि वह सरकारी कर्मचारी है या फिर सामान्य नागरिक। क्योंकि अलॉटमेंट होने पर सरकारी कर्मचारी को कीमत का 25 फीसदी एवं सामान्य नागरिक को 35 फीसदी भुगतान करना होगा। पंजीकरण के दौरान फ्लैट की कीमत का 10 फीसदी जमा करना पड़ेगा। इसके बाद एलडीए फ्लैट का आवंटन कर देगा।
आवेदन के बाद यह प्रक्रिया
सरकारी कर्मचारी को तीन माह में फ्लैट की कीमत का 15 फीसदी और सामान्य नागरिक को कीमत का 25 फीसदी जमा करना होगा। इसके बाद खरीदार की ओर से चुने गए विकल्प के आधार पर अकाउंट विंग गणना कर फ्लैट की किस्त बना देगा। पहली किस्त का भुगतान 15 एवं 25 फीसदी रकम जमा करने के एक माह बाद करना पड़ेगा। पहली किस्त जमा होते ही एलडीए खरीदार के साथ स्टाम्प शुल्क के साथ अनुबंध करेगा। अनुबंध होने के बाद खरीदार को फ्लैट पर कब्जा दे दिया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन और आवंटन
एलडीए 1700 फ्लैट किस्त पर बेचने की तैयारी कर रहा है। आवेदक ऑनलाइन आवेदन करेंगे और एलडीए ऑनलाइन ही आवंटन करेगा। फ्लैट की कीमत के आधार पर किस्त की गणना करके उसे वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा, जिससे खरीदार प्रति माह किस्त का भुगतान कर सके।
पवन कुमार गंगवार, सचिव एलडीए
एलडीए के पीछे-पीछे आवास विकास
आवास विकास भी एलडीए की तर्ज पर अपने खाली पड़े फ्लैटों को किस्त पर बेचने का मन बना रहा है। आवास विकास ने इसके लिए एलडीए से उसकी योजना की पूरी जानकारी ली है।