लखनऊ। करीब एक माह से बारिश पर लगा ब्रेक बुधवार को हट गया। बूंदों का जाम खुला तो शहर में भीषण जाम लग गया। शहर की रफ्तार थम गई। एंबुलेंस में मरीज कराहते रहे। स्कूल जाने को घर से निकले बच्चे बस में परेशान होते रहे। वहीं, सरकारी-गैर सरकारी मुलाजिम समय से दफ्तर नहीं पहुंच पाए। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था ऐसी है कि यहां अकारण ही जाम लग जाता है। बुधवार को कम से कम यह तोहमत बारिश के हिस्से आई।
यातायात विभाग प्रयोगशाला बन चुका है। कभी ये प्लान तो कभी वो। एक से बढ़कर एक कागजी प्रयोग करने वाले विभाग की वजह से बुधवार को पूरा शहर जाम से जूझा। गुस्से और परेशानी से लोगों का बीपी बढ़ा। अपने करीबी को समय से अस्पताल न पहुंचा पाने वाले कई-कई बेबस चेहरे दिखे। जाम ने तहजीब को भी भुला दिया। हजरतगंज, कैंट, आशियाना, चौक, कैसरबाग, अयोध्या रोड, कानपुर रोड समेत अन्य इलाकों में भी ऐसे हाल रहे। इस जाम से घंटों लोग परेशान रहे।
बारिश मद्धिम पड़ी...वाहनों का दबाव बढ़ता चला गया
बुधवार सुबह के करीब 10 बजे होंगे। बारिश मद्धिम पड़ गई। चौक में वाहनों का दबाव बढ़ने लगा। कुछ ही मिनटों में इमामबाड़ा, हैदरगंज फ्लाईओवर और सिटी स्टेशन के आसपास के इलाकों में जाम लग गया। मेडिकल कॉलेज चौराहे पर जाम में एंबुलेंस फंसी रही। कुछ राहगीरों ने गली से निकलने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। क्योंकि, गलियों में भी वाहनाें की कतारें लगी थीं।
जितनी दूर तक नजर गई...गाड़ियां ही गाड़ियां दिखीं
जगत नारायण रोड और कैसरबाग चौराहे पर भी हाल खराब हो गए। कैसरबाग से परिवर्तन चौक जाने वाले रास्ते पर गाड़ियों के पहिये थम गए। इसका असर हजरतगंज में भी देखने को मिला। लाल बत्ती चौराहे से कैंट जाने वाले मार्ग पर एक किमी. लंबा जाम लग गया। ओवरब्रिज पर लोग काफी देर तक गाड़ी रोककर जाम खुलने का इंतजार करते नजर आए। यहां भी जाम में एंबुलेंस फंसी रही। वहीं, आशियाना में जलभराव के कारण गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।
हैलो...जाम में फंसे हैं यार, कंट्रोल रूम भी नहीं सुन रहा
पॉलीटेक्निक से चिनहट जाने वाले रास्ते पर भीषण जाम के कारण लोग घंटों परेशान दिखे। स्कूली वाहन और एंबुलेंस को भी जाम के कारण रास्ता नहीं मिला। वहीं, गोमतीनगर में पत्रकारपुरम, विभूतिखंड, लोहिया पथ और कानपुर रोड पर भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इन इलाकों में ट्रैफिक पुलिस काफी देर तक नजर नहीं आई। लोग कंट्रोल रूम को फोन कर जाम में फंसे होने की जानकारी देते रहे, लेकिन राहत नहीं मिली। दोपहर तक यही हाल रहा। बाद में इन इलाकों में पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग रास्तों से लोगों के वाहन निकलवाए, जिसके चलते घंटों लग गए। हालांकि, स्कूलों की छुट्टी के बाद फिर लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।