राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की प्रांत कार्यकारिणी की बैठक में प्रांत संघचालक कृष्ण मोहन और सह प्रांत संघ चालक सुनीत खरे को फिर से यह जिम्मेदारी दी गई है। प्रांत कार्यवाह प्रशांत शुक्ला को भी मौजूदा दात्यिव फिर सौंपा गया है। अवध प्रांत में अधिकतर प्रमुख पदों पर मौजूदा पदाधिकारियों का ही चयन किया गया है।
संघ के त्रैमासिक वार्षिक चयन प्रक्रिया के तहत रविवार को निराला नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में अवध प्रांत की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृष्ण मोहन को पुनः प्रांत संघचालक, सुनीत खरे को सह प्रांत संघचालक और प्रशांत शुक्ला को प्रांत कार्यवाह नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा गया। प्रांत कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव का समर्थन किया। सूत्रों के मुताबिक कार्यकारिणी के कुछ सदस्यों के अतिरिक्त सभी प्रमुख पदों पर मौजूदा पदाधिकारी ही चयनित हुए हैं। लखनऊ के डा. हरनाम सिंह और अयोध्या के डा. शिव कुमार को प्रांत सह संपर्क प्रमुख चयनित किए गए हैं।
अवध प्रांत की नवगठित टीम ही अब संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान संघ के विस्तार का लक्ष्य पूरा करेगी। इसी टीम के जरिये शताब्दी वर्ष में सामाजिक समरसता, राष्ट्रवाद और हिन्दुत्व को धार देने वाले कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्वी क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार, अवध के प्रांत प्रचारक कौशल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
एक जनवरी से घर-घर संपर्क अभियान चलाएगा संघ
अवध प्रांत की बैठक में बताया गया कि एक से 15 जनवरी तक सेवक घर घर संपर्क अभियान चलाएंगे। इसमें 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाली रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए अक्षत, राममंदिर का चित्र सहित अन्य सामग्री वितरित करेंगे। साथ ही लोगों को 22 जनवरी को अपने घर, गली, मोहल्ले और सोसायटी परिसर में ही रामलला के चित्र का पूजन, सुंदरकांड, भजन, कीर्तन का आयोजन करने का आग्रह करेंगे। लोगों से टीवी पर रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण भी देखने का आग्रह किया जाएगा।