लखनऊ में इंदिरानगर के मीना मार्केट इलाके में ब्लू फॉक्स कैफे रेस्टोरेंट में हुक्का बार चल रहा था। इसकी जानकारी होने पर पुलिस टीम ने सोमवार देर रात को छापा मारकर मौके से चार संचालकों को गिरफ्तार किया। इस दौरान चार हुक्के, चार हुक्का पाइप, दो चिलम व तीन हुक्का प्लेट और फ्लेवर बरामद हुआ। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक गाजीपुर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक मीना मार्केट के पास एक भवन की तीसरी मंजिल पर ब्लू फॉक्स कैफे रेस्टोरेंट चलता है। रेटोरेंट का संचालन हजरतगंज के वजीरहसन रोड निवासी कृष्णा राजभर, निशातगंज पेपर मिल कॉलोनी निवासी प्रथम अरोड़ा, चौगवां इटौंजा के अंशु रावत और कैंट निवासी शुभम सिंह करते हैं। रेस्टोरेंट में हुक्का बार चलने की सूचना पर दरोगा दिलीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने सोमवार देर रात को छापा मारा तो मौके 6-7 लोग मौजूद थे। पुलिस टीम ने मौके से हुक्का बार से जुड़े सामान बरामद करते हुए चारों संचालकों को गिरफ्तार कर लिया।