लखनऊ में अलग-अलग हुए तीन सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। गुडंबा में सोमवार देर रात पैदल जा रहे भतीजे व ताऊ को डाले ने रौंद दिया जबकि मंगलवार सुबह निगोहां में आमने-सामने बाइकों की भिड़ंत में दोनों की जान चली गई। गोसाईंगंज में कार चलाना सीख रहे शख्स ने एक किसान को रौंद दिया। किसान की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिए।
आमने-सामने भिड़ीं बाइकें, दोनों की गई जान, नहीं लगाए थे हेलमेट
मोहनलालगंज स्थित फतेहखेड़ा के रहने वाले ब्रह्मा प्रजापति (20) की मां शिवपति देवी अपनी बहन की बेटी के घर पूजा में शामिल होने दरसुआ सिसेंडी गई थीं। मंगलवार सुबह ब्रह्मा अपनी मां को लेने के लिए बाइक से जा रहा था। वहीं दूसरी तरफ उन्नाव के चौपई असोहा के रहने वाले आदित्य विश्वकर्मा (20) बाइक से निगोहां सब्जी मंडी मदाखेड़ा में सब्जी बेचने जा रहे थे।
मदाखेड़ा के पास आमने-सामने दोनों की बाइकें भिड़ गईं। हादसा इतना जोरदार था कि आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ब्रह्मा ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ा। आदित्य विश्वकर्मा चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में भाइयों के अलावा पिता ओमप्रकाश मां कांति देवी हैं। ब्रह्मा प्रजापति के पिता का निधन हो चुका है। घर में मां और भाई अजीत हैं।
सड़क किनारे खड़े भतीजे व ताऊ को कुचला, मौत
मूलरूप से तंबौर सीतापुर के रहने वाले रामपाल गुडंबा स्थित बसहा चेतनपुरवा में किराए परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। उनकी पत्नी रामदेवी ट्रामा सेंटर में भर्ती हैं। सोमवार रात रामपाल ने अपने बड़े भाई बिंद्रा (50) व बेटे मोहित (12) से रामदेवी का आधार कार्ड मंगवाया था।
बिंद्रा व मोहित आधार कार्ड लेकर घर से निकले थे। वह इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के पास खड़े होकर टेंपो का इंतजार कर रहे थे7 तभी कुर्सी की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार डाला ने दोनों को कुचलता हुआ निकल गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और पास में स्थित एक निजी अस्पताल में उनको लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
कार चलाना सीख रहे युवक ने किसान को रौंदा
गोसाईंगंज इलाके में मंगलवार सुबह कार चलाना सीख रहे युवक ने पैदल जा रहे एक किसान को रौंद दिया। पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव उसके परिजनों को सौंप दिया। युवक को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया है।
इंस्पेक्टर दीपक कुमार पांडेय के मुताबिक मलौली हरदासपुर मार्ग पर मलौली गांव निवासी शिवम वर्मा वैन चलाना सीख रहा था। तभी खेत से घर वापस जा रहे हरदासपुर गांव निवासी किसान रामसुमिरन (40) आचानक सामने आ गए। किसान को सामने देख कर शिवम कार नियंत्रित नहीं कर सके और उनको रौंद दिया। रामसुमिरन की मौत हो गई। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने लापरवाही से कार चलाने, जिसमें किसी जान चली जाए, उस धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
हादसा होने की सूचना पर शिवम के चाचा मौके पर पहुंचे थे। रामसुमिरन को लेकर सिविल अस्पताल आए थे। उनका कहना था कि वह घायल का इलाज करवाएंगे। जब डॉक्टराें ने रामसुमिरन को देखा और मृत घोषित कर दिया तो शिवम का चाचा वहां से भाग निकला।