योगी ने कहा कि सप्तऋषि के रूप में सात प्राथमिकता तय की है। समावेशी विकास, अंत्योदय की परिकल्पना, इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इन्वेस्टमेंट, रेलवे का बजट पहले से अधिक है, 50 नए एयरपोर्ट बनाने जा रहे हैं। इसका सबसे अधिक फायदा यूपी को मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की ओर से प्रस्तुत अमृतकाल के पहले बजट से यूपी के विकास को रफ्तार और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की बजट घोषणाओं से यूपी में युवाओं, महिलाओं, किसानों, दलितों, वंचितों, पिछड़ों, कर्मचारियों सहित प्रत्येक वर्ग को लाभ होगा।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैपिटल डेवलेपमेंट के लिए प्रस्तावित दस लाख करोड़ और रेलवे की नई परियोजनाओं के 2.40 लाख करोड़ के बजट प्रावधान का सबसे अधिक फायदा यूपी को होगा। देश में सबसे अधिक नेशनल हाइवे यूपी से होकर गुजरते हैं, सबसे बड़ा रेल नेटवर्क और सबसे अधिक एयरपोर्ट भी यूपी में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय करों में यूपी का राज्यांश 2022-23 के 1 लाख 46 हजार करोड़ से बढ़ाकर 2023-24 में 1 लाख 83 हजार करोड़ प्रस्तावित किया गया है। यह नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के निर्माण में उपयोगी सिद्ध होगा।
अपने आवास पर बृहस्पतिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के बजट से यूपी को होने वाले फायदों की जानकारी दी। योगी ने कहा कि बजट की आगामी 25 वर्ष की विकसित अर्थव्यवस्था की बुनियाद रखने का ब्लू प्रिंट है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि वर्धक निधि स्थापित करने से प्रदेश में कृषि क्षेत्र में विविधीकरण बढ़ेगा। ग्रामीण इलाकों के प्रतिभाशाली युवाओं के लिए नवाचार और स्वावलंबन के नए अवसर सृजित होंगे। इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद थे।
विज्ञापन
यूपी के 15 करोड़ लोगों को मिलेगा मुफ्त राशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडीओपी और पर्यटन विकास के लिए राज्यों की राजधानी में यूनिटी माल की स्थापना से न केवल पर्यटन बल्कि स्थानीय कारीगरों और हस्त शिल्पियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। मुफ्त राशन वितरण योजना को एक वर्ष बढ़ाने से यूपी के 15 करोड़ लोगों को फायदा होगा। प्राकृतिक खेती के लिए लागू योजना का भी सबसे अधिक लाभ यूपी को मिलेगा।
यूपी में लागू होगी अमृत धरोहर योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि जैव विविधता, कार्बन स्टॉक, इकोटूरिज्म के अवसर बढ़ाने और स्थानीय समुदायों के लिए आय बढ़ाने के लिए अगले 3 वर्षों में प्रदेश में भी अमृत धरोहर योजना लागू की जाएगी। यूपी में भी वेस्ट टू वेल्थ प्लांट स्थापित किए जाएंगे।