एडीजे व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रावस्ती से साइबर अपराधियों ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक चैटिंग की। उनसे इस दौरान रुपये की मांग की गई। यह सारी वसूली व चैटिंग अपराधी राज्य विधिक प्राधिकरण का सचिव बनकर की। जानकारी होने पर प्राधिकरण के प्रशासनिक अधिकारी संदीप कुमार कौशिक ने हजरतगंज थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस इस मामले में साइबर क्राइम सेल की मदद से पड़ताल कर रही है।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक प्राधिकरण का कार्यालय जवाहर भवन की तीसरी मंजिल पर है। प्राधिकरण के प्रशासनिक अधिकारी संदीप कुमार कौशिक ने हजरतगंज थाने में तहरीर दी। जिसमें आरोप लगाया कि किसी जालसाज ने श्रावस्ती में तैनात अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश व सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण मृत्युंजय श्रीवास्तव से सोशल मीडिया पर प्राधिकरण का सचिव बनकर चैटिंग कर रहा है। उनसे सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक चैटिंग की और पेटीएम व जीपे के जरिए रुपये की मांग की। लगातार हो रहे इस चैटिंग से परेशान श्रावस्ती के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मृत्युंजय श्रीवास्तव ने राज्य विधिक प्राधिकरण के सचिव से संपर्क किया। उनको पूरी जानकारी दी। पुष्टि के लिए उन्होंने चैटिंग की स्क्रीन शाट्स भी उपलब्ध कराये।
वरिष्ठ जिला जज स्तर के अधिकारी को प्राधिकरण का सचिव बनाया जाता है। उन्होंने इस तरह की चैटिंग करने से इंकार किया। इसके बाद राज्य विधिक प्राधिकरण के अधिकारियों ने इस संबंध में चैटिंग करने वाले के खिलाफ केस दर्ज कराने का आदेश दिया। प्रशासनिक अधिकारी संदीप कुमार कौशिक ने हजरतगंज थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज अखिलेश मिश्रा के मुताबिक पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच साइबर क्राइम सेल की मदद से की जा रही है।