मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा।
- फोटो : amar ujala
प्रदेश में प्रवर्तन एजेन्सियों व उड़नदस्तों द्वारा अवैध शराब, नकदी आदि की जब्ती संबंधी आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन किया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने रविवार को बताया कि आबकारी, आयकर, पुलिस, नार्कोटिक्स विभाग एवं अन्य प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा 1 मार्च से 27 अप्रैल तक कुल 327.47 करोड़ रुपये कीमत की शराब, ड्रग, बहुमूल्य धातुएं व नकदी आदि जब्त किया जा चुका है। इसमें 32.08 लाख रुपये नकदी, 45.32 करोड़ रुपये की शराब, 216.89 करोड़ रुपये की ड्रग, 21.61 करोड़ रुपये की बहुमूल्य धातुएं एवं 11.56 करोड़ रुपये की अन्य सामग्री जब्त की गयी है।
उन्होंने बताया कि शनिवार को एजेंसियों द्वारा कुल 1.70 करोड़ रुपये की शराब, ड्रग व नकदी आदि जब्त की गयी है। इसमें 5.86 लाख रुपये नकदी, 51.17 लाख रुपये की शराब, 1.13 करोड़ रुपये की ड्रग शामिल है। शनिवार को गाजीपुर के जखनिया विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 1.05 करोड़ रुपये की ड्रग पकड़ी गयी है। वहीं पुलिस द्वारा आपराधिक छवि वाले लोगों के 535 लाइसेंसी शस्त्र जब्त किए गए हैं। इसके अलावा 4688 शस्त्रों के लाइसेंस निरस्त कर जमा कराए जा चुके हैं। शांति भंग की आशंका में 21,71,786 लोगों को पाबंद किया जा चुका है। पुलिस ने 7994 अवैध शस्त्र, 8107 कारतूस, 2900 किग्रा विस्फोटक व 435 बम बरामद किए हैं।
आचार संहिता उल्लंघन के 102 मुकदमे दर्ज
बिना अनुमति के सभा व भाषण करने, मतदाताओं को लुभाने के लिए नकदी बांटने, वाहनों में बीकन लाइट, फ्लैग के दुरुपयोग एवं अन्य मामलों में 102 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। वहीं 6 एनसीआर भी दर्ज हुई हैं। वाहनों में बीकन लाइट, फ्लैग के दुरुपयोग के 1277 मामलों में तथा लाउडस्पीकर एक्ट के उल्लंघन के 2193 मामलों में भी कार्यवाही की गयी है।