लखनऊ में आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर के मे किराए के मकान में रहने वाले मेडिकल कम्पनी के एमआर के यहां सिलेंडर में ब्लास्ट होने से उसकी 17 वर्षीय साली और 2 वर्ष का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन फानन में निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड टीम की 2 दमकल की गाड़ियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
आशीष मौर्या पत्नी दीपा, 2 वर्षीय बेटे अद्दयुत व 17 वर्षीय साली के साथ सेक्टर के निवासी दीपा दीक्षित के मकान में किराए पर रहते हैं। आशीष मेडिकल कम्पनी में एमआर हैं जबकि उनकी पत्नी दीपा रायबरेली में सरकारी अध्यापिका हैं। इंस्पेक्टर आशियाना ए के पांडेय ने बताया कि घटना शुक्रवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे की है। आशीष मौर्या और उनकी पत्नी अपनी अपनी जॉब में गए हुए थे। उस वक्त घर में उनका बेटा और साली मौजूद थे। साली बच्चे को लेकर किचन में बच्चे के लिए दूध गर्म करने गई थी और जैसे ही गैस जलाया तो चूल्हे के पास लगी सिलेंडर की पाइप में ब्लास्ट हो गया।
ब्लास्ट की चपेट में आकर साली और बेटा घायल हो गए वहीं ब्लास्ट की आवाज सुनकर लोग और मकान मालिक दौड़े तो देखा कि खिड़कियों के कांच टूट गए थे और आग भी लग गई थी। लोगों ने घायलों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया और इसकी जानकारी फायर बिग्रेड और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घायलों की स्थिति गम्भीर देखते हुए उन्हें चौक स्थित केजीएमयू सिप्स अस्पताल भेज दिया गया जहां उनकी हालत गम्भीर बनी हुई है। एफएसओ आलमबाग धर्मपाल सिंह ने बताया कि मुख्य अग्निशमन अधिकारी लखनऊ मंगेश कुमार भी मौके पर पहुंचे थे। आग किचन में फैली थी लेकिन अन्य कमरों के भी खिड़की दरवाजे के कांच टूट गए।