लखनऊ में गुडंबा स्थित इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के पास सरकारी ट्यूबवेल में बुधवार रात एक किशोर का शव पड़ा मिला। किशोर को उसके दो दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे। परिजनों ने उन्हीं दो दोस्तों पर किशोर को डुबोकर मार देने का आरोप लगाया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोर की मौत का कारण डूबना आया है। जिस किशोरों पर हत्या का आरोप लगा है उनकी उम्र 15 से 12 साल के बीच है। पुलिस दोनों किशोरों से पूछताछ कर रही है।
इंस्पेक्टर गुडंबा नितीश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक गुडंबा के आधारखेड़ा में ट्रैक्टर ड्राइवर नूर मोहम्मद अपने परिवार संग रहते हैं। नूर मोहम्मद के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उनका बेटा जिब्राइल 17 को उसके दोस्त घर से बुला कर ले गए थे। इसके बाद बेटा घर वापस नहीं लौटा। दोपहर को वह काम से घर लौटे तो पता चला कि बेटा गायब है। परिजनों ने उसको इधर-उधर तलाशा पर कोई पता नहीं चल सका। दोस्तों से पूछने पर पता चला कि जिब्राइल ट्यूबवेल पर नहाने के लिए गए थे, जहां जिब्राइल डूब गया। इस जानकारी पर नूर मोहम्मद इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के पास सरकारी ट्यूबवेल पर पहुंचा तो बेटे का शव ट्यूबवेल में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके शव को निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुछ दिनों पहले मोबाइल को लेकर हुआ था विवाद
किशोर जिब्राइल के पिता मोहम्मद के मुताबिक बेटे जिब्राइल का करीब एक साल पहले आरोपियों किशोरों से झगड़ा भी हुआ था। आरोपियों ने एक मोबाइल चुराया था। जिसके बाद से ही बोलचाल भी बंद थी। बुधवार को आरोपी किशोर अचानक घर पहुंचे और बात करने के बहाने से जिब्राइल को बुला ले गए। परिजनों का आरोप है कि दोनों आरोपी किशोरों ने जिब्राइल को ट्यूबवेल में डूबों का मार डाला। इंस्पेक्टर नीतीश श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जिब्राइल की मौत का कारण डूबने के चलते आया है। परिजनों ने जिन दो किशोरों पर हत्या का आरोप लगाया है, पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।