फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News : भाजपा ने तैयार किया लोकसभा चुनाव में मिशन 80 का रोडमैप

Thu, 28 Dec 2023 12:23 AM IST
पंकज श्रीवास्‍तव अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर बुधवार को आयोजित प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों की बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव का रोडमैप तैयार किया गया। 
विज्ञापन
bjp - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में मिशन 80 का लक्ष्य हासिल करने के लिए भाजपा पूरी तरह चुनाव मैदान में कूद गई है। पार्टी जनवरी से गरीब, पिछड़े, दलित, महिला, किसान, नौजवान और लाभार्थियों को साधने के लिए गांव गांव और शहरों में गली गली घर घर दस्तक देगी। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर बुधवार को आयोजित प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों की बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव का रोडमैप तैयार किया गया। 

विज्ञापन


प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि पदाधिकारी चुनाव के लिए कमर कस लें, अब चुनाव तक सोना नहीं हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि चुनाव केवल जीतना नहीं हैं बल्कि लोकसभा में 350 सीटों के साथ नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। इसमें यूपी की जिम्मेदारी सबसे बड़ी है, लिहाजा इस बार अमेठी ही नहीं रायबरेली में भी कमल खिलाना है।

पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम की मौजूदगी में आयोजित बैठक में महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने लोकसभा चुनाव की तैयारी का रोडमैप पेश किया। उन्होंने कहा कि वोटर चेतना अभियान, विकसित भारत संकल्प यात्रा सहित जितने भी कार्यक्रम वर्तमान में चल रहे हैं उन्हें हर हाल में 10 जनवरी तक पूरा करना है। उन्होंने कहा कि बूथ समितियों का गठन जल्द पूरा करने के साथ पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति व प्रशिक्षण भी समय पर कराएं।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव प्रभारी और संयोजक, विधानसभा चुनाव प्रभारी और संयोजक की घोषणा जल्द की जाएगी। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्षों का भी विधानसभा वार प्रशिक्षण होगा। धर्मपाल सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव कार्यालय 30 जनवरी तक खोले जाएंगे।

व्यक्तिगत नाराजगी के कारण नहीं हटाएं
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि 10 जनवरी तक क्षेत्र और जिलों में आंशिक संगठनात्मक बदलाव करना है। उन्होंने कहा कि जो निष्क्रिय हैं उन्हें ही हटाना है, व्यक्तिगत नाराजगी के कारण किसी को टीम से बाहर नहीं करें।

ग्रामीणों को साधेगी भाजपा
ग्रामीणों को साधने के लिए पार्टी की ओर से ग्राम संपर्क अभियान चलाया जाएगा। सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और पार्टी के पदाधिकारी गांवों में प्रवास करेंगे। प्रत्येक गांव में एक सक्रिय कार्यकर्ता तैयार कर उसका डाटा संकलित किया जाएगा।

पहले ताजमहल देखने आते थे अब काशी
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुश्यंत गौतम ने कहा कि भाजपा ने राष्ट्रवाद के साथ विरासत का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि पहले लोग यूपी में ताजमहल देखने आते थे, लेकिन अब बनारस में काशी विश्वनाथ और अयोध्या में श्रीराम लला के दर्शन के लिए आते हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के करीब 20 करोड़ लाभार्थी हैं, 20 करोड़ लाभार्थी का मतलब है 60 करोड़ मतदाता है। उन्होंने कहा कि लाभार्थी वोट बैंक को साध लिया तो मिशन 80 की राह आसान होगी।

विपक्षी दलों मे सेंध लगाएं
बैठक में जिला स्तर पर सपा, बसपा, रालोद, कांग्रेस के प्रभावशाली नेताओं के साथ प्रभावशाली लोगों, सेवानिवृत्त अफसरों के साथ पार्टी से निकाले गए लोगों को पार्टी में शामिल कराने की हरी झंडी दी गई।

अग्रिम मोर्चों को सौंपा एजेंडा
प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने बैठक में कहा कि युवा मोर्चा की ओर से 24 जनवरी को नव मतदाता सम्मेलन किए जाएंगे। महिला मोर्चा की ओर से लखपति दीदी कार्यक्रम के तहत महिला स्वयं सहायता समूह की लखपति दीदी को जोड़ा जाएगा। युवा मोर्चा और महिला मोर्चा की ओर से शिक्षण संस्थान में जाकर युवाओं को नमो एप पर जोड़ना है। पिछड़ा वर्ग मोर्चा की ओर से युवा संवाद किया जाएगा। वहीं किसान मोर्चा किसान अधिवेशन का आयोजन करेगा। अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से बस्ती संपर्क अभियान चलाया जाएगा।

जमीन पर उतरकर काम करें जिलाध्यक्ष
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने जिलाध्यक्षों और क्षेत्रीय अध्यक्षों की बैठक में कहा कि जिलाध्यक्ष जमीन पर उतरकर काम करें। उन्होंने कहा कि बूथ सशक्तिकरण का कार्य जल्द पूरा करने के साथ पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति और उनका प्रशिक्षण भी जल्द कराएं। मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम आगे बढ़ गया है।

फर्जी मतदाताओं के नाम हटवाने के साथ विचारधारा से जुड़े मतदाताओं के नाम जुड़वाने पर फोकस करें। उन्होंने कहा कि खासतौर पर पश्चिमी यूपी में विपक्षी दल के एक मतदाता का नाम दो जगह होता है, इस पर ध्यान देकर उन्हें हटवाएं। बैठक में प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, अनूप गुप्ता, अमरपाल मौर्य, प्रियंका मौर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें