इंतजार खत्म हुआ। लखनऊ मेट्रो ट्रेन बृहस्पतिवार से ट्रैक पर दौड़ती नजर आएगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सुबह 11 बजे लखनऊ मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। इसी के साथ मेट्रो का ट्रायल रन अपने समय एक दिसंबर से शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन
मेट्रो पहले दिन ट्रांसपोर्ट नगर से सिंगारनगर स्टेशन के बीच दौड़ेगी। ट्रायल रन के दौरान मेट्रोमैन ई. श्रीधरन खुद मौजूद रहेंगे। लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एलएमआरसी) महज दो साल दो माह में मेट्रो को ट्रैक पर उतारने की मिसाल पेश करेगा।
मेट्रो को ट्रैक पर उतारने से पहले एलएमआरसी और कोच बनाने वाली अलस्टॉम कंपनी के इंजीनियर्स ने 10 दिन तक कोचों का स्टेटिक और डॉयनमिक ट्रॉयल किया। इसमें कोच के फीचर्स के अलावा ब्रेकिंग सिस्टम, बैकअप, कंट्रोल रूम से कनेक्टिविटी, झटके लेने की जांच (ऑसिलेशन टेस्ट) किए। सोमवार को प्री-ट्रॉयल सफल होने के बाद एलिवेटेड रूट पर मेट्रो के ट्रायल की अनुमति मिल चुकी है।
विज्ञापन
दो हिस्सों में कार्यक्रम
लखनऊ मेट्रो के एक अधिकारी ने बताया कि पूरा कार्यक्रम दो हिस्से में रहेगा। सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ट्रांसपोर्टनगर डिपो का लोकार्पण करेंगे।
यहां बैकअप कंट्रोल सेंटर, डिपो कंट्रोल सेंटर, ऑटोमेटिक वाशिंग प्लांट और दूसरी सुविधाओं का उद्घाटन होगा। ट्रेन को ट्रायल के लिए रवाना कर मुख्यमंत्री अवध चौराहा पहुंच जाएंगे। सुबह 11 बजे ट्रायल के लिए मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
मुलायम के मौजूद रहने की संभावना
समारोह में मुख्यमंत्री अखिलेश के अलावा सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के पहुंचने की संभावना है। कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। बड़ा कार्यक्रम अवध चौराहे पर ही रखा गया है।
लखनऊ 26 मार्च से करेगा मेट्रो की सवारी
एलएमआरसी की मानें तो अगले साल 26 मार्च से मेट्रो कॉमर्शियल रन के लिए तैयार हो जाएगी। पहला कॉमर्शियल रन नार्थ-साउथ कॉरिडोर के 8.5 किमी लंबे प्राथमिक संक्शन यानी ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग मेट्रो स्टेशन पर होगा।
सबसे तेज मेट्रो का रिकॉर्ड
इस पर एलएमआरसी के एमडी कुमार केशव कहते हैं कि अभी तक देश के किसी भी शहर में इतने कम समय में मेट्रो नहीं चलाई जा सकी है। यह तेजी आगे के प्रोजेक्ट में भी बनाई रखी जाएगी।
मेट्रो नेटवर्क वर्ष 2050 तक
एलएमआरसी पूरे शहर में मेट्रो का नेटवर्क बिछाने पर काम कर रहा है। उसकी योजना है कि 2050 तक पूरे शहर के अलग-अलग इलाकों को मेट्रो रूट से जोड़ दिया जाए।
26 मार्च से मेट्रो पर सफर करेगा लखनऊ
भले ही आज हमारी उम्मीदों की मेट्रो ट्रेन पटरी पर उतर जाएगी, पर इसमें सफर का सपना पूरा करने के लिए आपको थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। एलएमआरसी का दावा है कि अगले साल 26 मार्च से मेट्रो कॉमर्शियल रन के लिए शुरू हो जाएगा।
यानी इसी दिन से राजधानी वासी मेट्रो में सफर करने लगेंगे। पहला कॉमर्शियल रन नार्थ-साउथ कॉरिडोर के प्राथमिकता सेक्शन के 8.5 किमी लंबे ट्रांसपोर्टनगर से चारबाग मेट्रो स्टेशन तक होगा।
मेट्रो अफसरों के अनुसार ट्रांसपोर्टनगर से चारबाग के बीच मेट्रो का ट्रायल जनवरी में ही शुरू हो जाएगा। फरवरी में इसकी रिपोर्ट आयुक्त रेलवे संरक्षा (सीआरएस) को भेज दी जाएगी।
सीआरएस के निरीक्षण और उसके आपत्ति-सुझाव को दूर करने के बाद इस प्राइमरी सेक्शन को कॉमर्शियल रन के लिए फाइनल कर लिया जाएगा। एलएमआरसी के सलाहकार मेट्रो मैन ई. श्रीधरन सीआरएस से समय पर अनुमति मिल जाने के लिए आश्वस्त कर चुके हैं।
कॉमर्शियल रन अपने समय पर होगा
10 नवंबर को लखनऊ आए श्रीधरन ने कहा था कि सीआरएस के सामने पूरी तरह फूलप्रूफ मेट्रो होगी। ऐसे में छोटी-छोटी कमियों के अलावा सुधारने के लिए कुछ नहीं होगा। उम्मीद है कि लखनऊ मेट्रो का कॉमर्शियल रन अपने समय पर हो सकेगा।
6 ट्रेनों के साथ शुरू होगा कॉमर्शियल रन
मेट्रो का कॉमर्शियल रन 26 मार्च से छह ट्रेनों के साथ होगा। एक ट्रेन आ चुकी है। बाकी पांच ट्रेनें मार्च के पहले सप्ताह तक मिल जाएंगी। शुरुआती जांच के बाद इनका प्रयोग शुरू हो जाएगा।
अब सभी ट्रेनों का अलग से ट्रायल करने की जरू रत नहीं होगी। प्रोटोटाइप पहली ट्रेन का ट्रायल होने के बाद इसमें जो भी कमियां मिलेंगी, उन्हें नई ट्रेन में पहले ही दूर कर लिया जाएगा।
प्राथमिकता सेक्शन पर 2000 करोड़ रुपये खर्च
प्राथमिकता सेक्शन यानी 8.5 किमी के रूट पर 8 स्टेशन बनाए गए हैं। इस सेक्शन पर कुल बजट 2 हजार करोड़ रुपये का है।