अपनी मेट्रो के ट्रायल रन में अब 9 दिन बचे हैं। 26 मार्च से 8.5 किमी. लंबे प्राथमिकता सेक्शन पर कॉमर्शियल रन शुरू हो जाएगा। यानी इस दिन से आप इसकी सवारी का लुत्फ उठा सकेंगे। ऐसे में ढेरों सवाल भी मन में उठ रहे होंगे।
मसलन हमारे स्टेशन पर मेट्रो कितनी देर रुकेगी, एक ट्रेन छूट गई तो दूसरी का कितनी देर इंतजार करना होगा, ट्रेन कब से कब तक मिलेगी.... ? इन्हीं सवालों के जवाब जानिए इस खास रिपोर्ट में। वह सब कुछ जिसे जानना जरूरी है...
बिजी स्टेशन, यहां 30 सेकंड में आपको मेट्रो में चढ़ना होगा
ट्रांसपोर्टनगर से चारबाग तक 8.5 किमी. वाले इस प्राथमिकता वाले सेक्शन में कुल स्टेशन हैं। इनमें से पांच को माना जा रहा है कि ये बिजी स्टेशन होंगे। इनमें ट्रांसपोर्टनगर, कृष्णानगर, आलमबाग, आलमबाग बस अड्डा और चारबाग स्टेशन बिजी स्टेशन होंगे। इन स्टेशनों पर मेट्रो का स्टॉपेज 30 सेकंड होगा।
मवैया, दुर्गापुरी,सिंगारनगर में 20 सेकेंड ही रुकेगी
नॉन बिजी स्टेशनों में मवैया, दुर्गापुरी और सिंगारनगर शामिल हैं। मेट्रो के अफसरों के मुताबिक इन तीनों स्टेशनों पर स्टॉपेज 20 सेकंड का होगा, यानी आपको बिजी स्टेशनों के मुकाबले 10 सेकंड कम वक्त मिलेगा।
15-20 मिनट में ट्रांसपोर्टनगर से चारबाग
ट्रांसपोर्टनगर से चारबाग के बीच 8.5 किमी की दूरी मेट्रो ट्रेन 15-20 मिनट में तय करेगी। ट्रेन औसतन 30 किमी प्रति घंटा की स्पीड से चलेगी। हालांकि, अधिकतम स्पीड 80 किमी प्रति घंटा है।
ऐसे में एक स्टेशन पर पूरी ट्रेन के आने के समय में करीब दो मिनट का अंतर होगा। यानी एक ट्रेन मिस होने पर दूसरी ट्रेन के लिए महज दो मिनट का ही इंतजार करना होगा। एक ट्रेन में करीब 1100 यात्री अपने गंतव्य को जा सकेंगे।