लखनऊ। मेट्रो यात्रियों का सफर अब और भी स्मार्ट होगा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल काॅर्पोरेशन ने मंगलवार को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) सेवा की शुरुआत की है। एक देश एक कार्ड की संकल्पना पर आधारित इस कार्ड से हर यात्रा पर किराये में 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसे कानपुर, आगरा मेट्रो के अलावा देश के अन्य मेट्रो की यात्रा में इस्तेमाल किया जा सकेगा।
मंगलवार को यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस सुविधा का शुभारंभ किया। बताया कि एनसीएमसी किसी भी मेट्रो स्टेशन पर बनवाया जा सकता है। इसका मुख्य लाभ यह है कि यह एक इंटरऑपरेबल ट्रांसपोर्ट कार्ड है। इसका इस्तेमाल मेट्रो के अलावा उन बस, पार्किंग और रिटेल सेवाओं में भी किया जा सकता है जहां एनसीएमसी को अपनाया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल पहले से चल रहे गो स्मार्ट कार्ड और नए एनसीएमसी, दोनों के माध्यम से यात्रा की जा सकती है। यात्रियों को सलाह दी कि वे अपने पुराने गो स्मार्ट कार्ड में उपलब्ध शेष राशि का उपयोग कर लें। यूपीएमआरसी शीघ्र ही एक विशेष एक्सचेंज विंडो शुरू करेगा जिसके माध्यम से यात्री 30 दिन के अंदर अपने गो स्मार्ट कार्ड को एनसीएमसी में बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के बदलवा सकेंगे।
एनसीएमसी की खास बातें
0 सभी स्टेशनों के एयरटेल पेमेंट बैंक काउंटर व कियोस्क पर उपलब्ध।
0 कार्ड जारी करने का शुल्क 100 रुपये (रिफंडेबल नहीं)।
0 बिना केवाईसी मोबाइल फोन पर ओटीपी सत्यापन से जारी हो सकेगा कार्ड।
0 विभिन्न बैंक भी एनसीएमसी जारी करते हैं।
0 कार्ड को टिकट वेंडिंग मशीन, लखनऊ मेट्रो एप, एयरटेल एप पर डेबिट/क्रेडिट कार्ड तथा यूपीआई के माध्यम से रिचार्ज किया जा सकेगा।
0 कोई केवाईसी नहीं ली जाएगी, ओटीपी से कार्ड मिलेगा
0 23 बैंकों या अन्य मेट्रो से जारी एनसीएमसी पर अलग से टिकट लेने की आवश्यकता नहीं होगी।
0 एनसीएमसी स्वीकार करने वाली मेट्रो, बसों, पार्किंग, रिटेल सेवाओं में भी प्रयोग होगा।