लखनऊ में गुरुवार से शराब की दुकानें खुलने जा रही हैं। सुबह 10 से शाम 7 बजे तक इन दुकानों पर शराब की बिक्री होगी। हालांकि, मॉडल शॉप की कैंटीन खोलने की अनुमति नहीं होगी। शराब विक्रेता एसोसिएशन के महामंत्री कन्हैया लाल मौर्या ने बताया कि गुरुवार से शराब की दुकानें खोलने के फैसले का एसोसिएशन स्वागत करती है। लॉकडाउन में प्रदेशभर में शराब की दुकानें बंद थीं, जिससे रोजाना करोड़ों का नुकसान हो रहा था।
इस बाबत कारोबारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर शराब की दुकानें खोलने की मांग की थी। सरकार ने शराब कारोबारियों की समस्याओं को संज्ञान में लिया है। अब गुरुवार से कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए कारोबारी दुकानें खोलेंगे। शराब विक्रेता वेलफेयर एसो. उपाध्यक्ष विकास श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारियों ने फैसले का स्वागत किया है।
डीएम ने नहीं जारी किया आदेश, डीईओ ने की पुष्टि
डीएम अभिषेक प्रकाश ने शराब की दुकानें खोलने को लेकर कोई आदेश जारी नहीं किया है। वहीं, जिला आबकारी अधिकारी सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि गुरुवार सुबह 10 से शाम 7 बजे तक शराब की दुकानें खोली जाएंगी।