सुबह से तेज धूप के बाद बुधवार देर शाम मौसम पलटा और तेज आंधी, गरज चमक के साथ बारिश हुई। इससे पहले धूल भरी आंधी ने थोड़ी दिक्कत बढ़ाई। इससे कहीं कारों पर पेड़ गिरे तो कहीं तार टूटने से बिजली गुल हो गई। कुछ इलाकों में तो उपकेंद्र से ही बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। हालांकि, ठंडी हवाओं से लोगों ने दिनभर की गर्मी के बाद थोड़ी राहत महसूस की।
रात आठ बजे से पहले अचानक मौसम ने करवट ली और तेज धूल भरी आंधी चलने लगी। इसकी रफ्तार इतनी तेज थी कि कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए। गोमतीनगर के विवेकखंड में घर के बाहर खड़ी कार पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई।
जारी रहेगा मौसम में उतार-चढ़ाव
मौसम बुलेटिन के मुताबिक दिन का अधिकतम तापमान बुधवार को 37.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम रहा। रात का पारा 26.5 रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग बीते कई दिनों से लगातार आंधी-पानी और तेज हवाएं चलने के आसार जता रहा था। इसी क्रम में बुधवार को मौसम बदला और 30-40 किमी की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलीं। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक, अभी प्रदेश में कहीं-कहीं मौसम में ऐसे बदलाव देखने को मिलेंगे।
एक घंटे से अधिक समय तक गुल रही बत्ती
शहर में रात करीब आठ बजे धूल भरी आंधी आने और बाद में बारिश के बाद एक घंटे तक अधिकतर इलाके अंधेरे में रहे। इसमें डालीबाग, जॉपलिन रोड, गोमती नगर जैसे वीआईपी इलाके भी प्रभावित हुए। कुछ इलाकों में उपकेंद्र की आपूर्ति बंद किए जाने तो कुछ इलाके में हाईटेंशन के तार टूटने के कारण बिजली संकट हुआ। रात करीब नौ बजे से आपूर्ति बहाल होना शुरू हुई। जबकि अधिकतर ग्रामीण क्षेत्र रहीमाबाद, माल, मलिहाबाद, काकोरी, बंथरा, मोहनलालगंज, गोसाईंगंज और निगोहां आदि इलाके देर रात तक अंधेरे में रहे। शहरी क्षेत्र में आशियाना, एलडीए कॉलोनी कानपुर रोड, आलमबाग, तालकटोरा रोड, राजाजीपुरम, सहादतगंज, चौक, नक्खास, ठाकुरगंज, अमीनाबाद, चारबाग, हुसैनगंज, हजरतगंज, तेलीबाग, छावनी, गोमती नगर, इंदिरा नगर, सर्वोदय नगर, चिनहट ,फैजाबाद रोड, जानकीपुरम, विकास नगर, सीतापुर रोड , त्रिवेणी नगर, महानगर, अलीगंज, खदरा आदि इलाके बिजली संकट की चपेट में रहे।