लखनऊ में अलीगंज प्रियदर्शिनी कॉलोनी स्थित सोपान एन्क्लेव निवासी बबिता सिन्हा के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) कपूरथला शाखा के लॉकर से 1.5 करोड़ रुपये कीमत के जेवर चोरी हो गए। उन्होंने बैंककर्मियों पर चोरी का आरोप लगाते हुए बुधवार को अलीगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
बबिता के लॉकर से सोने के पांच सेट, छह सोने के कड़े, तीन जोड़ी झुमकियां, तीन चेन, तीन गिन्नी, दो नथ और चांदी की दो जोड़ी पायल चोरी हुए हैं।
इंस्पेक्टर अलीगंज ने बताया कि पुलिस ने जब बबिता सिन्हा के पति का सिबिल स्कोर चेक कराया तो पता चला कि उनके पति ने गोल्ड लोन ले रखा था। लोन के बारे में बबिता सिन्हा को भी कोई जानकारी नहीं है। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि कहीं ऐसा तो नहीं कि उनके पति ने लॉकर से जेवर निकालकर उस पर गोल्ड लोन ले लिया था।
चौक में कोनेश्वर चौराहा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के लॉकर से एक करोड़ के जेवर गायब हो गए थे। सराय माली खां, चौक निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर अमित प्रकाश के पिता डॉ. रविंद्र बहादुर और मां पुष्पा बहादुर का जॉइंट अकाउंट और लॉकर था। 30 अक्तूबर 2020 को वे लोग बैंक में लॉकर देखने गए थे तो उसमें रखे एक करोड़ कीमत के जेवर गायब थे। आठ नवंबर 2020 को अमित ने इस संबंध में चौक थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।