स्वच्छ भारत मिशन के तहत कराए गए दुनिया के सबसे बड़े वार्षिक स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में 19 अवॉर्ड जीतकर यूपी सबसे ज्यादा पुरस्कार जीतने वाला राज्य रहा। सबसे बड़ी बात यह कि लखनऊ देश में सबसे तेजी से सुधार करने वाली राजधानी चुनी गई। स्वच्छता की रैंकिंग में लखनऊ चार साल में 249 से 12वीं रैंकिंग पर पहुंच गया। यही नहीं, प्रदेश के सबसे साफ शहरों में भी लखनऊ अव्वल रहा है।
केंद्रीय आवास व शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी द्वारा गुरुवार को ऑनलाइन जारी स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के मुताबिक लखनऊ की यह रैंकिंग दस लाख से अधिक आबादी वाली श्रेणी में रही। 16वें पायदान पर आगरा और 19वें स्थान पर गाजियाबाद क्रमश: राज्य के दूसरे और तीसरे सबसे साफ शहर हैं।
टॉप पांच में कानपुर भी: यूपी के टॉप पांच सबसे साफ शहरों में कानपुर पांचवें पायदान पर है। वहीं, प्रयागराज चौथा साफ शहर है। देश भर में दस लाख से अधिक आबादी वाली श्रेणी में प्रयागराज 20वें, कानपुर 25वें और वाराणसी 27वें स्थान पर है