एशिया कप फाइनल में चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ सांस रोक देने वाले फाइनल मुकाबले में जैसे ही रिंकू सिंह ने हारिस रऊफ की गेंद पर चाैका जड़ा, पूरा शहर जीत के जश्न में झूम उठा। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ियों ने शहर भर के लोगों को 20 दिन पहले ही दीपावली का जश्न मनाने का उपहार दिया। आधी रात को सैकड़ों की तादाद में प्रशंसक घरों से निकल तिरंगा लेकर सड़कों पर उतर आए। शहर में जश्न का केंद्र बिंदु बने हजरतगंज चौराहे पर प्रशंसकों ने भारत माता की जय, इंडिया... इंडिया.. का उद्घोष करके पूरा माहौल रंगीन बना गया। लोगों ने आतिशबाजी कर जीत के जश्न को दोगुना कर दिया। सभी ने एक दूसरे के गले मिलकर मिठाई खिलाई। पाक पर भारत की जीत का महा तिलक लगाने वाले चैंपियन खिलाड़ी तिलक वर्मा का शोर विभिन्न इलाकों में देर तक गूंजता रहा।