उन्होंने विश्वविद्यालयों में गैरजरूरी पदों पर भर्ती प्रक्रिया को स्थगित करने और जिन विषयों में विद्यार्थियों की संख्या काफी कम है, उनकी पढ़ाई आउटसोर्स शिक्षक के जरिए कराने के निर्देश दिए।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपति, पूर्व कुलपतियों पर आरोप लगाने की जगह अधूरे कार्यों को समय पर पूरा कराएं। उन्होंने विश्वविद्यालयों में गैरजरूरी पदों पर भर्ती प्रक्रिया को स्थगित करने और जिन विषयों में विद्यार्थियों की संख्या काफी कम है, उनकी पढ़ाई आउटसोर्स शिक्षक के जरिए कराने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
राज्यपाल बुधवार को राजभवन में राज्य विश्वविद्यालयों की कार्मिक प्रकरणों की समीक्षा कर रही थीं। उन्होंने विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों के सापेक्ष शिक्षकों की सीधी भर्ती करने, वरिष्ठता सूची और कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम के तहत शिक्षकों की प्रोन्नति की भी समीक्षा की।
राज्यपाल ने पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों का पालन नहीं होने और सही रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और पिछड़े वर्ग के आरक्षित पदों पर भर्ती में यदि यदि एक अभ्यर्थी का ही आवेदन प्राप्त होता है और वह योग्य पाया जाता है तो उसकी भर्ती पर विचार किया जाए। बैठक में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता और राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपति भी मौजूद थे।