मां घरों में जाकर काम करती है। पिता माली हैं। बिटिया अमेरिका में एमबीए की पढ़ाई करेगी। माता-पिता के सपनों को नया आकाश दिया है गोमतीनगर के ग्वारी की रहने वाली प्रीति रावत ने।
प्रीति को अमेरिका के कम्युनिटी कॉलेज की ओर से स्कॉलरशिप मिली है। इसके तहत उसे अमेरिका में रहकर पढ़ाई का मौका मिलेगा। स्कॉलरिशप में उसके रहने-खाने और आने-जाने बंदोबस्त भी होगा।
उसकी सफलता पर घर के साथ ही स्कूल में भी खुशी का माहौल है।
बिटिया के अमेरिका जाने की बात पर मंशाराम और राजेश्वरी चौंकते हैं। मंशाराम बोल पड़ते हैं-पिछले हफ्ते प्रीति ने बताया कि वो अमेरिका जाकर पढ़ाई करेगी, तो उन्हें यकीन ही नहीं हुआ।
हमने तो कभी सपने में भी नहीं सोचा था। मंशाराम की तीन बेटियों में प्रीति सबसे बड़ी है। दो छोटी बेटियां शालिनी और शालू आठवीं और 12वीं की पढ़ाई प्रेरणा स्कूल से ही कर रही हैं। प्रीति ने 2013 में गोमतीनगर के प्रेरणा गर्ल्स स्कूल से 12वीं पास की है।
यह स्कूल स्टडी हॉल फाउंडेशन की ओर से खराब आर्थिक स्थित वाले बच्चों के लिए चलाया जाता। संस्था की ओर से ‘दीदीज’ के नाम से एक और संस्था चलाई जाती है जिसमें इन बच्चों की मांओं को काम दिया जाता है।