दुबग्गा सब्जी मंडी में शुक्रवार को दबंग ने काकोरी के बहरू गांव निवासी आढ़ती भूपेंद्र प्रताप उर्फ रोहित की कनपटी पर पिस्टल सटाकर 46 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित भागा तो पैर में गोली मार दी। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। डर के कारण दो दिन पुलिस से शिकायत नहीं की। रविवार को उनके पिता ने केस दर्ज कराया। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा के मुताबिक घटना का कारण नहीं पता चल सका है।
भूपेंद्र के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब सात बजे दोस्त केवल ने दुबग्गा सब्जी मंडी बुलाया था। वहां पहुंचने पर भूपेंद्र ने देखा कि बालागंज निवासी आढ़ती छोटू मिश्रा उर्फ रब्बू साथियों के साथ शराब पी रहा था। वहां केवल भी मौजूद था। आरोप है कि छोटू गाली-गलौज करने लगा। विरोध पर आरोपियों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। छोटू ने कनपटी पर पिस्टल सटाकर जेब में रखे 16 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद ऑनलाइन 30 हजार रुपये साथी मो. शफीक के खाते में ट्रांसफर करा लिए।
जानकीपुरम निवासी आशीष तिवारी ने 35 लोगाें के खिलाफ उन्हें व उनके दोस्तों प्रथम और कुणाल वर्मा को पीटने व फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए दुबग्गा थाने में केस दर्ज कराया है। आशीष के मुताबिक 22 मार्च को शाम पांच बजे दोस्त कुणाल व दीपक के साथ सब्जी मंडी गए थे। इस बीच दीपक व कुणाल धोखे से पानी की टंकी के पास पहुंच गए। वहां 35 लोग जुआ खेल रहे थे। सभी ने बेवजह दोनों को पीट दिया। विरोध पर फायरिंग भी की। गनीमत रही की उनकी जान बच गई। कुणाल भाग आया, पर दीपक फंस गया। आशीष अपने साथी प्रथम व कुणाल के साथ दीपक को छुड़ाने पहुंचे। आरोपियों ने तीनों को पीट दिया और आशीष की चेन लूट ली। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा के मुताबिक तफ्तीश चल रही है।