शराब की लत ने एक परिवार तबाह कर दिया। गोसाईंगंज में सोमवार रात शराब पीने को लेकर हुए झगड़े के बाद महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी तो उसके पति ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। मंगलवार सुबह परिवारीजनों ने दोनों के शव देखे तो चीख-पुकार मच गई।
इंस्पेक्टर धीरेंद्र प्रताप कुशवाहा ने बताया कि सिद्धपुरा गांव निवासी 40 वर्षीय मंशाराम मजदूरी करता था। वह शराब का लती था जिसके चलते रोज पत्नी रेनू से झगड़ा व मारपीट होती थी। दंपती में सुबह-शाम के झगड़े के चलते छह साल की बेटी पिंकी और चार वर्षीय बेटे पिंटू पास ही स्थित दादी रामेश्वरी, चाचा दिलीप व चाची अंजली के मकान में रहते थे। सोमवार रात मंशाराम शराब के नशे में धुत होकर घर आया तो रेनू ने विरोध किया। दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
रेनू ने शराब पीने पर उसे बुरा-भला कहा तो मंशाराम भड़क गया। उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। रेनू ने गुस्से में जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई। मुंह से झाग निकलने लगा। रेनू ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। पत्नी की मौत से मंशाराम हिल गया और वह भी घर के बाहर लगे बबूल के पेड़ से साड़ी का फंदा बनाकर लटक गया।
सुबह दिलीप उसके घर के सामने से गुजरा तो पेड़ पर भाई का शव लटका देख होश उड़ गए। वह घर के भीतर गया तो रेनू जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी मिली। उसने परिवारीजनों को सूचना दी जिसके बाद रोना-पीटना शुरू हो गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर आ गई।
पापा ने मम्मी को मारा तो मैं डरकर भाग गई
छह साल की मासूम पिंकी ने बताया कि सोमवार रात वह अपने घर पर ही थी। पापा आए तो मम्मी से झगड़ा होने लगा। पापा बहुत गुस्से में थे। उन्होंने मम्मी को मारा। मम्मी रोने लगी तो वह डर गई और भागकर चाचा के पास चली आई। पिंकी और पिंटू का रो-रोकर बुरा हाल था। मासूम बच्चे माता-पिता का शव देखकर कुछ समझ नहीं पाए। चाचा-चाची और दादी के साथ अन्य लोगों को रोता देखकर वह भी रोने लगे। परिवारीजनों ने दोनों मासूमों को संभाला।
शवों को एक साथ दी गई मुखाग्नि
मंशाराम और उसकी पत्नी रेनू की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचे तो रोने-चीखने की आवाजें गूंजने लगीं। परिवारीजनों ने दोनों शवों को एक साथ मुखाग्नि दी। परिवारीजनों ने बताया कि मंशाराम ने कुछ दिन पहले अपनी जमीन बेच दी थी और काफी रुपया शराब में उड़ा दिया। गांव के लोग मासूम बच्चों और दंपती के शवों को देखकर शराब को कोस रहे थे।