राजधानी लखनऊ में किराये के मकान में अवैध रूप से ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन बनाने की फैक्टरी संचालित करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को एसटीएफ ने सोमवार रात दुबग्गा के मौहारी झेहटा गांव में छापा मारकर गिरफ्तार किया। मौके से बड़ी तादाद में ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन, पाउडर और पैकिंग का सामान बरामद हुआ है जिसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों में ठाकुरगंज के कैटल कॉलोनी भदाही टोला निवासी इरफान और रहीमाबाद के महिमाखेड़ा निवासी दिलदार अली है।
एसटीएफ के मुताबिक यह गिरोह लखनऊ और आसपास के जिलों में इंजेक्शन की सप्लाई करता था। वे बिहार के तस्करों के जरिये प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन पाउडर मंगाते थे। उसमें नमक, फिनायल और दूसरे केमिकल मिलाकर इंजेक्शन बनाते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह चीन से अवैध तरीके से हाईडेंसिटी ऑक्सीटोसिन पाउडर मंगाने में बिहार के तस्करों की मदद लेता है। इसका इस्तेमाल पशुओं से दूध निकालने और सब्जियों व फलों को कम समय में ज्यादा विकसित करने के लिए होता है।
एसटीएफ के मुताबिक, ऐसे इंजेक्शन का अवैध इस्तेमाल पशुओं के साथ आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरनाक हो सकता है। एसटीएफ के मुताबिक केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से तीन अप्रैल 2001 को जारी गजट अधिसूचना के तहत ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की बिक्री केवल सिंगल यूनिट ब्लिस्टर पैक में ही करने का प्रावधान है। इसके बावजूद आरोपी अवैध तरीके से इंजेक्शन तैयार कर उनकी सप्लाई कर रहे थे। बरामद ऑक्सीटोसिन पाउडर में किसी अन्य पदार्थ की मिलावट की आशंका को देखते हुए उसका नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद इंजेक्शन में मिलाए गए पदार्थों की वास्तविक जानकारी सामने आएगी। आरोपी इरफान के खिलाफ लखनऊ के पारा थाने में वर्ष 2025 में एक, काकोरी थाने में वर्ष 2026 में एक और ठाकुरगंज थाने में वर्ष 2017 में सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। एसटीएफ ने दोनों के खिलाफ दुबग्गा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस करेगी।
ये हुई बरामदगी: एसटीएफ ने आरोपियों के पास से करीब 3700 बोतलें (200 एमएल) ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन, दो एमएल की 1.77 लाख प्लास्टिक पैकिंग में लिक्विड ऑक्सीटोसिन, 35 लीटर के गैलन में भरा लिक्विड ऑक्सीटोसिन और संदिग्ध ऑक्सीटोसिन पाउडर के तीन सिल्वर फॉयल पैकेट बरामद किए हैं। इसके अलावा पांच लीटर के फिनायल से भरे 12 कैन, 36 किलोग्राम टाटा नमक, आठ हजार खाली बोतलें, 52 हजार एल्यूमीनियम ढक्कन और पांच हजार रबर कैप भी मिले। इसके अलावा इंजेक्शन पैक करने वाली सात मशीनें, एक स्ट्रिप सीलर, प्लास्टिक की फिलिंग पाइप, 200 लीटर के तीन खाली ड्रम और अन्य उपकरण बरामद किए गए। एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।