ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी 24 घंटे फोन चालू रखें और शिकायत मिलने पर उसका निस्तारण कराएं। बिजली संबंधी शिकायतों को दूर करने के लिए उन्होंने पर्याप्त मानव संसाधन और सामग्री आदि की व्यवस्था करने को कहा है जिससे लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बकायेदारों व बिजली चोरी करने वालों पर सख्ती करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्व बढ़ाने पर जोर देते हुए अगले 10 दिन में राजस्व हानि 80 करोड़ प्रतिदिन से घटाकर 70 करोड़ पर लाने को कहा है। ऊर्जा मंत्री ने खंभों से झूलते व लटकते तारों को तत्काल ठीक कराने तथा सातों दिन 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित करते हुए रात में भी फाल्ट ठीक कराने की व्यवस्था करने को कहा है। उन्होंने सभी क्षेत्रों में तय शिड्यूल के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए आर्टिफिशियल इंटलीजेंस के माध्यम से शिकायतों के समाधान की व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
सोमवार देर शाम शक्ति भवन से बिजली व्यवस्था के संबंध में वर्चुअल समीक्षा बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को ये निर्देश दिए। उन्होंने पावर कार्पोरेशन समेत सभी बिजली कंपनियों के प्रबंध निदेशकों को सख्त हिदायत दी कि गर्मी को देखते हुए आपूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी की जाए। आपूर्ति को लेकर कहीं से कोई शिकायत नहीं आनी चाहिए। किसी भी प्रकार का फाल्ट या व्यवधान होने पर तत्काल उसे ठीक कराकर आपूर्ति बहाल की जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी 24 घंटे फोन चालू रखें और शिकायत मिलने पर उसका निस्तारण कराएं। बिजली संबंधी शिकायतों को दूर करने के लिए उन्होंने पर्याप्त मानव संसाधन और सामग्री आदि की व्यवस्था करने को कहा है जिससे लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
बिजली कनेक्शन के लिए एस्टीमेट जमा करने के बाद भी मीटर लगाकर कनेक्शन न दिए जाने की शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की दिक्कतें प्राथमिकता पर दूर की जाएं। उन्होंने लाइन हानियां कम करने पर जोर देते हुए शहरों व गांवों में खंभों से लटकते-झूलते हुए तारों को तुरंत ठीक कराने को कहा है। उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरों को समय से बदलने के भी निर्देश दिए हैं।