बिजली कटौती से परेशान लोग सड़कों पर उतरे।
- फोटो : amar ujala
फैजुल्लागंज क्षेत्र में बिजली की फॉल्ट ठीक करने के दौरान लाइनमैन की मौत हो गई। नीलकंठ फीडर पर खराबी आई थी। लाइनमैन उदयराज शटडाउन लेकर पोल पर चढ़कर काम कर रहे थे। संविदाकर्मी बृजेश नीचे मौजूद था। प्लास से केबल की जांच करते समय उदयराज को अचानक करंट लगा। उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पोल से नीचे सड़क पर गिर पड़े। हादसे की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल उदयराज को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उदयराज मूलरूप से गोंडा जनपद के निवासी थे। वर्तमान में फैजुल्लागंज की जैन कॉलोनी में रहकर नौकरी कर रहे थे। (संवाद)
कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने मोहान रोड पर लगाया जाम
देर रात एफसीआई उपकेंद्र के तहत बुद्धेश्वर से मोहान रोड पर बिजली उपभोक्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे पिंक सिटी कॉलोनी के उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिजली कटौती के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों के फोन नहीं उठते। पता ही नहीं चल पाता कि बिजली क्यों गई है और कब तक आएगी। इसके विरोध में लोगों ने सड़क जाम किया।
उपकेंद्र पहुंचकर बनाया दबाव लेकिन नहीं मिली राहत
अंबेडकर यूनिवर्सिटी उपखंड के अंतर्गत हरिकंशगढ़ी कॉलोनी में बुधवार रात 9 बजे से देर रात तक बिजली गुल रही। कॉलोनी के लोगों ने उपकेंद्र पहुंचकर दबाव बनाया तो किसी तरह एक फेस की लाइन चालू हुई, लेकिन वोल्टेज इतना कम था कि उससे पंखा भी नहीं चल पा रहा था। पूरी रात गर्मी से कॉलोनीवासी बेहाल रहे।
धरने पर बैठे सपा विधायक अरमान खान व अन्य।
- फोटो : amar ujala
बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने बुधवार को तालकटोरा उपकेंद्र का घेराव किया और प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। उपभोक्ताओं के समर्थन में पश्चिम क्षेत्र के सपा विधायक अरमान खान भी बैठ गए। विधायक ने कहा कि पावर हाउस पर न कर्मचारी मिलते हैं न अधिकारी। यही कारण है कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता है। एक घंटे बाद चौक के अधिशासी अभियंता रमन वासुमित्र मौके पर पहुंचे और विधायक को मनाने का प्रयास किया। विधायक ने कहा कि इलाके के लोग बिजली कटौती और उसकी आवाजाही से परेशान हैं। कोई अधिकारी फोन नहीं उठाता है। 1912 पर की गई शिकायतों का बिना जांच किए ऑनलाइन निस्तारण प्रदर्शित कर दिया जाता है। विधायक ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान न होने पर अनशन किया जाएगा। (संवाद)
राजाजीपुरम अपट्रॉन उपकेंद्र पर हंगामा
लखनऊ। राजाजीपुरम अपट्रॉन उपकेंद्र के भवानीगंज इलाके में मंगलवार देर रात करीब 200 घरों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। आक्रोशित उपभोक्ता उपकेंद्र पहुंच कर हंगामा करने लगे। बवाल बढ़ता देख कर्मचारियों ने पुलिस बुला ली। पुलिस ने समझा कर लोगों को शांत कराया। देर रात करीब 12 बजे यहां की आपूर्ति बहाल हुई। वहीं, राजाजीपुरम के एफ ब्लॉक, मल्टीस्टोरी के आसपास मंगलवार की रात बिजली की आवाजाही से परेशान रहे। (संवाद
तेलीबाग के भीम टोला में 15 घंटे तक गुल रही बिजली
तेलीबाग के भीम टोला में मंगलवार के शाम 9 बजे कटी बिजली 15 घंटे बाद आई। स्थानीय निवासी अजय कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि सुबह 4 बजे बिजली आने के बाद 5 बजे अचानक एबीसी लाइन में धमाके होने लगे। केबल टूट कर गिरने लगे। ट्रांसफार्मर के पास केबल बंच में आग लगने से फिर बिजली कट गई जो दोपहर एक बजे बहाल हो सकी। बलदेव विहार में मंगलवार रात 250 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया, जिसे बाद में बदला गया। गांधीनगर उत्तरेटिया, पाठकपुरम, सरस्वतीपुरम, सैनिक नगर में भी बिजली की आवाजाही से लोग परेशान हुए।
शॉर्ट सर्किट के बाद हाई वोल्टेज से जल गए उपकरण
पाल तिराहा न्यू उपकेंद्र के शेखपुर-हबीबपुर स्थित यूनाइटेड प्रेसिडेंट स्कूल के पास मंगलवार रात 1:45 बजे बंच कंडक्टर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जलता हुआ तार सड़क पर पड़े कूड़े पर गिरा और ट्रांसफार्मर जलने लगा। मरम्मत के दौरान इरम डिग्री कॉलेज के आसपास और अमन विहार के लगभग 800 घरों की बिजली आपूर्ति बुधवार सुबह साढ़े सात बजे तक बंद रही। स्थानीय निवासी मंजूरुल हसन और महमूद आलम ने बताया कि उनके तीन कूलर, मोबाइल चार्जर, वाईफाई के अलावा मोहल्ले में आठ से 10 घरों के उपकरण जलने से खराब हो गए।