लखनऊ में बारिश के बाद मौसम हुआ सुहावना।
- फोटो : अमर उजाला।
राजधानी में बीते तीन दिनों से हो रही मानसूनी बारिश से उमस भरी गर्मी नदारद है और इससे लोगों को काफी राहत मिली है। मानसून की दस्तक के बाद लखनऊ में इस साल पहली बार बीते दो दिनों में ऐसी रिमझिम बारिश देखने को मिली है।
मंगलवार को कुर्सी रोड पर 7.2 मिमी, अलीगंज में 6.4 मिमी और अमौसी एअरपोर्ट पर 1.6 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। अधिकतम तापमान में मामूली बढ़त देखी गई, इसके बावजूद मौसम खुशनुमा रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बुधवार को लखनऊ में हल्की से मध्यम बूंदाबांदी के आसार हैं। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री की बढ़त के साथ 32.9 डिग्री दर्ज हुआ जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं रात का पारा 1.6 डिग्री की गिरावट के साथ 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।