उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) के लखनऊ स्थित कैसरबाग कार्यशाला में रविवार सुबह अफरातफरी मच गई। कथित प्रताड़ना और समय पर वेतन न मिलने से आक्रोशित कुछ चालक-परिचालकों ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की।
विज्ञापन
मौके पर मौजूद कर्मचारियों और स्टाफ ने तुरंत हस्तक्षेप कर उन्हें बचा लिया। आक्रोशित कर्मचारियों का आरोप है कि सहायक क्षेत्र प्रबंधक सतीश पाल उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। रूट से हटाने सहित अन्य तरीकों से प्रताड़ित किए जाने और वेतन में देरी के कारण कर्मचारियों में भारी नाराजगी फैली हुई है।
घटना के बाद कार्यशाला का गेट बंद कर दिया गया। कर्मचारियों के आक्रोश के कारण परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया है।
2710 लीटर डीजल घोटाले का आरोप
कर्मचारियों ने कैसरबाग वर्कशॉप में 2710 लीटर डीजल घोटाले का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अधिकारियों को मामले की जानकारी है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। संविदा कर्मियों का वेतन नहीं दिया जा रहा है।