माता-पिता के रोज-रोज के झगड़े से परेशान अलीगंज के शेखुपुरा निवासी कृष्णा पाल 20 ने मंगलवार दोपहर अलीगंज थाने के गेट के बाहर खुद पर पेट्रोल डालकर उसने आग लगा ली। आग की लपटों में घिरे कृष्णाा को पुलिस वालों ने किसी तरह बचाया और सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
एसीपी अलीगंज अरीब अहमद खान के मुताबिक कृष्णा अलीगंज स्थित नावेल्टी सिनेमा के पास रोल की दुकान पर काम करता है। मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे वह बाइक से थाने के गेट पर पहुंचा।
कृष्णा ने बाइक खड़ी की और गाड़ी से ही पेट्रोल निकाल कर खुद को डालकर आग लगा ली। घटना के वक्त थाने में मौजूद पुलिस वालों ने किसी तरह उसको बचाया और अस्पताल पहुंचाया। आग से कृष्णा 10 प्रतिशत झुलस गया। सिविल अस्पताल से परिजन उसको ट्रामा सेंटर लेकर चले गए। एसीपी ने बताया कि पूरी घटना थाने के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
मां ने दुकान आकर मारा था थप्पड़
पूछताछ में कृष्ण पाल ने बताया कि मां रानी और पिता राजेश में कई साल से विवाद चल रहा है। सभी रहते एक ही मकान में अलग-अलग कमरों में हैं। विवाद को लेकर मां रानी ने पिता के खिलाफ घरेलू हिंसा, मारपीट के कई केस न्यायालय में दायर कर रखे हैं।
इसके अलावा तलाक का भी केस चल रहा है। दोनों में आए दिन झगड़ा भी होता रहता है। इससे कृष्णा पाल काफी परेशान रहता था। शाम को मां दुकान पर पहुंची। उसने कोर्ट में लगाने के लिए हाईस्कूल की मार्कशीट और आधार कार्ड मांगे। कृष्णा ने दस्तावेज देने से मना किया और मां को समझाने की कोशिश की, पर वह नहीं मानी। उलटे उन्होंने कृष्णा को थप्पड़ मार दिया और वहां से चली गई।