अगर आप एलपीजी उपभोक्ता हैं और अभी तक केवाईसी नहीं कराई है तो यह खबर आपके लिए अहम है। 30 सितंबर तक केवाईसी न करवाने वालों को एक अक्तूबर से व्यावसायिक दर पर गैस सिलिंडर खरीदना पड़ेगा। कंपनियों की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
राजधानी में घरेलू एलपीजी के करीब 15 लाख कनेक्शन हैं। इनमें से करीब 90 फीसदी उपभोक्ताओं का बायोमीट्रिक आधार प्रमाणीकरण (बीएए) हो चुका है। करीब 1.50 लाख उपभोक्ताओं की केवाईसी अभी बाकी है। मंत्रालय की ओर से हाल ही में जारी पत्र में कहा गया है कि एक अक्तूबर से सब्सिडी के साथ निर्धारित खुदरा मूल्य पर घरेलू एलपीजी भरवाने के लिए बीएए जरूरी होगा। केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ता सब्सिडी वाले सिलिंडर नहीं भरवा सकेंगे।
व्यावसायिक दर पर ही मिलेगी गैस: घरेलू उपभोक्ताओं को अभी 14.2 किलो का गैस सिलिंडर 978 रुपये में मिल रहा है। पत्र में कहा गया है कि जो उपभोक्ता 30 सितंबर तक केवाईसी नहीं कराएंगे वे इस सस्ते सिलिंडर को नहीं बुक करा सकेंगे। उन्हें व्यावसायिक दर पर उपलब्ध 10 किलो वाला सिलिंडर 1600 रुपये में और 19 किलो वाला सिलिंडर 2870 रुपये में मिलेगा। इसके लिए उन्हें कंपनी के एप पर स्वीकृत देनी होगी।
ऑल इंडिया एलपीजी वितरक संघ के जगदीश राज ने कहा कि कंपनी की ओर से 30 सितंबर तक की तिथि केवाईसी के लिए निर्धारित कर दी गई है। ऐसा न करने पर पहली अक्तूबर से सब्सिडी वाले सिलिंडर के बजाय बाजार रेट वाला सिलिंडर मिलेगा। लिहाजा समय रहते केवाईसी करवा लें।
15 लाख घरेलू एलपीजी के कनेक्शन हैं राजधानी में
जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि लखनऊ जिले में करीब 15 लाख एलपीजी कनेक्शन धारक हैं। इनमें से करीब 1.50 लाख उपभोक्ताओं ने अभी केवाईसी नहीं कराई है। एक अक्तूबर से सब्सिडी वाले रिफिल के लिए प्रमाणीकरण जरूरी होगा। लिहाजा उपभोक्ता केवाईसी करवा लें। इसमें किसी भी सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 पर संपर्क किया जा सकता है।
तीन तरीकों से करवा सकते हैं प्रमाणीकरण
उपभोक्ता सिलिंडर की डिलीवरी के समय कर्मचारी के मोबाइल एप से मौके पर ही प्रमाणीकरण करा सकते हैं। गैस वितरक की दुकान पर भी यह सुविधा है। इसके अलावा घर बैठे संबंधित कंपनी के मोबाइल एप से भी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इंडेन कंपनी के लिए इंडेन ऑयलवन, भारत गैस के लिए हेलोबीपीसीएल और एचपी गैस के लिए एचपी पे एप का इस्तेमाल किया जा सकता है।