दिल्ली ब्लास्ट के लिए आतंकियों द्वारा लखनऊ से बियरिंग्स खरीदे जाने की
जानकारी पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल शनिवार को आईएम के
आतंकी असदुल्ला उर्फ हड्डी को लखनऊ लेकर आई।
स्पेशल सेल ने यहां यूपी एटीएस
के साथ कैसरबाग की कुछ दुकानों पर पूछताछ की।
यासीन
भटकल के साथ ही खुफिया एजेंसियों के हत्थे चढ़े असदुल्ला उर्फ हड्डी को
लेकर दिल्ली पुलिस की टीम शनिवार को शताब्दी ट्रेन से लखनऊ पहुंची।
जांच
एजेंसियां असदुल्ला को लेकर कैसरबाग में लाटूश रोड स्थित कुछ दुकानों पर
गई। यहां असदुल्ला के कहने पर जांच एजेंसियों ने कुछ दुकानदारों से बात की
और असदुल्ला द्वारा दी गई जानकारी की तस्दीक की।
एटीएस
अधिकारियों के मुताबिक रिमांड पर हुई पूछताछ के दौरान असदुल्ला ने
केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों के सामने स्वीकार किया है कि
दिल्ली धमाके के लिए उसने अपने साथियों को सामान मुहैया कराया था।
उसने
कैसरबाग की एक दुकान से बियरिंग्स खरीदी थी, जिसे विस्फोटक में लगाया गया
था। पड़ताल के बाद दिल्ली स्पेशल सेल असदुल्ला को लेकर शताब्दी ट्रेन से ही
लौट गई।
टीम लखनऊ में बमुश्किल तीन घंटे रुकी। सुरक्षा के मद्देनजर आतंकी
को लखनऊ लाए जाने की बात गोपनीय रखी गई थी।
वाराणसी
के शीतलाघाट विस्फोट के अलावा 2008 के दिल्ली विस्फोट में असदुल्ला का नाम
सामने आ चुका है। दिल्ली विस्फोट में एटीएस ने अक्तूबर 2008 में आतंकी
हातिम को गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस को सौंप दिया था।
हातिम से पूछताछ में
सामने आया था कि दिल्ली में धमाका करने के लिए जो विस्फोटक तैयार किया गया
था, उसके लिए असदुल्ला ने सामान मुहैया कराया था।
असदुल्ला ने यह सामान
हातिम को दिया था, जिसका उसने विस्फोट के लिए इस्तेमाल किया था।