ट्रांसफार्मर में आग लगने से कुल बिजली देर रात तक नहीं हो सकी चालू
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। बिजली संकट के विरोध में शुक्रवार देर रात नागरिकों ने दुबग्गा उपकेंद्र पर हंगामा करके प्रदर्शन किया। दुबग्गा क्षेत्र में ट्रांसफार्मर जलने के कारण बिजली संकट उत्पन्न हुआ था। उधर, पारा के चुन्नू खेड़ा क्षेत्र में केबल कटने के कारण देर रात तक बिजली चालू नहीं हो सकी । इसके विरोध में भी लोगों ने कबीर नगर उपकेंद्र पर हंगामा किया।
कबीर नगर बिजली उपकेंद्र के चुन्नुखेड़ा तिराहे के परसादी खेड़ा रोड पर केबल कट गई। एलडीए नाले का काम कराया जा रहा है। देर शाम केबल कटते ही एक बड़े क्षेत्र की बिजली चली गई। इसके कारण रामदस खेड़ा, बजरंग सिटी, परसादी खेड़ा, आर्यपुरम और राधेबाग कालोनी में बिजली संकट रहा। इसके कारण करीब 25 हजार आबादी प्रभावित हुई। यहां देर रात 12 बजे तक बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो पाई।
दुबग्गा के मछली मंडी में शाम ट्रांसफार्मर में आग लगने से बिजली संकट रहा। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने देर शाम उपकेंद्र पहुंचकर नाराजगी जताई।